रेलवे स्टेशन से दो मोबाइल चोर गिरफ्तार अकोदिया और रायसेन के हैं बदमाश

उज्जैन। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल और कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाले दो बदमाशों को जीआरपी ने पकड़ा है। उनके कब्जे से चोरी के दो महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जीआरपी के मुताबिक पिछले दिनों स्टेशन पर हो रही चोरी की वारदातों के दौरान पुलिस ने जब निगरानी बढ़ाई तो ये दोनों पिछले दो दिनों से यहां घूमते मिले। रविवार को दोनों को पकड़कर थाने लाकर जब दोनों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी ओमप्रकाश पिता दिलीप अकोदिया (जिला शाजापुर) और आक्या उर्फ भैयालाल निवासी रायसेन हैं। इनके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन मिले हैं।
भीड़ का फायदा उठाकर उड़ाते थे फोन
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों, विशेषकर रात के समय सोने वाले या ट्रेन पकडऩे की जल्दी में रहने वाले मुसाफिरों को अपना निशाना बनाते थे। पूछताछ में यह भी पता चला है कि आरोपी पिछले दो-तीन दिनों से लगातार स्टेशन के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर मंडरा रहे थे।
अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद: जीआरपी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उनसे यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने उज्जैन रेलवे स्टेशन या ट्रेनों में अब तक और कितनी चोरियों को अंजाम दिया है और चोरी के मोबाइल वे किसे बेचते थे। आरोपियों से पूछताछ में कुछ अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।









