सीमेंट से भरे ट्राले ने युवक को रौंदा

रिश्तेदार से मिलकर लौट रहा था घर, सीमेंट से भरा ट्रक जब्त…

उज्जैन। बीती रात करीब 11.30 बजे खिलचीपुर नाके पर रहने वाले साडू भाई से मिलकर घर लौट रहे युवक को जीरोपाइंट ब्रिज पर सीमेंट से भरे ट्राले ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में युवक की मौके पर मौत हो गई। माधव नगर पुलिस ने केस दर्ज कर शव का पीएम कराया।
कमल सिंह सिकरवार उर्फ गुड्डू पिता केदार सिंह 46 वर्ष निवासी अग्रसेन नगर सांची पार्लर संचालित करता था। रविवार रात खिलचीपुर नाके पर रहने वाले साडू भाई रवि से मिलकर कमल बाइक से लौट रहा था तभी जीरो पाइंट ब्रिज पर सीमेंट से भरे ट्राले ने कमल सिंह की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में कमल के सिर में गंभीर चोंटे आई जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
देर रात यहां से गुजर रहे पुलिस फोटोग्राफर बाबू सिंह ने ट्राले के पहिये में फंसे कमल सिंह का शव निकाला और उसकी शिनाख्त के बाद वायरलेस सेट पर माधव नगर थाने को सूचना दी।
पुलिस ने यहां पहुंचकर ट्राला चालक व क्लिनर को हिरासत में लिया और ट्राले को जब्त कर थाने के बाहर खड़ा करवाया। मृतक के परिजनों ने बताया कि कमल के तीन बच्चे हैं और सांची पार्लर बंद करने के बाद वह वाहन संचालन करवाता था।









