स्वाधीनता दिवस के अमृत महोत्सव में निकली तिरंगा यात्रा

By AV NEWS

सरकारी और निजी स्कूल के विद्यार्थी शामिल हुए

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन आजादी के अमृत महोत्सव अवसर पर सोमवार को शहर में रिदम संस्था द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। नगर के 36 सरकारी स्कूल के कक्षा 9 वीं और 11 वीं के विद्यार्थी शामिल हुए। तिरंगा यात्रा को लेकर कहा जा रहा है कि इस तरह के कार्यक्रम के शासन स्तर पर निर्देश थे।

तिरंगा यात्रा में हायर सेकेंडरी विद्यालयों के बच्चों को शामिल करने के लिए स्कूली शिक्षा विभाग की ओर से मौखिक आदेश देने की चर्चा भी है। बताया जाता है उज्जैन नगरीय क्षेत्र के 36 शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा 9 वीं और 11 वीं के बच्चों को प्रभारी शिक्षक के साथ यात्रा में शामिल होने के निर्देश दिए गए थे। इस सन्दर्भ में जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क नहीं हो सका। वैसे यात्रा में कुछ निजी विद्यालयों के बच्चों ने भी हिस्सा लिया।

बच्चें हुए परेशान, इवेंट डायरेक्टर बोले- यह बड़ा विषय नहीं

तिरंगा यात्रा में शामिल हुए बच्चें कई कारणों से परेशान हुए। अधिकांश स्कूली बच्चों को सुबह 7.30 बजे ही टॉवर बुलवा लिया गया था। यात्रा का समापन ११ बजे विश्वविद्यालय मैदान पर हुआ। इस दौरान बच्चों के लिए कहीं भी पीने के पानी की व्यवस्था नहीं थी। बच्चों की रवानगी के इंतजाम नहीं थे।

यात्रा में शामिल कामिनी चंद्रवंशी, यश मेहरा, पवन चंद्रावत और योगी त्यागी ने बताया कि उनके सहित कई बच्चों को पैदल ही वापस लौटना पड़ा। बच्चे वॉशरूम के लिए भी परेशान हुए। संस्था रिदम के अध्यक्ष नरेश शर्मा से संपर्क नहीं हुआ। इवेंट डायरेक्टर कपिल यार्दे का कहना था कि यह बड़ा विषय नहीं है। सभी स्कूलों को बच्चों को लाने-ले जाने की व्यवस्था करनी थी। हमारे द्वारा स्वल्पाहार व्यवस्था भी की गई थी। किसी के परेशान होने की जानकारी नहीं है।

नन्हीं बालिका पर जमा देशभक्ति का रंग

देश की आजादी के जश्न का रंग शहर में एक दिन पहले ही लोगों पर जमकर चढ़ रहा है। मंगलवार को जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा लहराया जाएगा। सोमवार सुबह निकली तिरंगा यात्रा में नन्हीं बालिका सावि सागर गुप्ता आकर्षण का केंद्र रही। वह सुभाषनगर निवासी माता विदिता गुप्ता के साथ यात्रा में पूरे समय शामिल रही। लोक निर्माण विभाग में कार्यरत प्रवीण मादुस्कार की नाती सावि भी उत्साह से यात्रा में शामिल रही।

कल कई स्थानों पर होगा ध्वजारोहण

स्वाधीनता दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह दशहरा मैदान पर आयोजित किया जाएगा। यहां उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ध्वजारोहण करेंगे।

Share This Article