अलग-अलग मामले में हथियारों के साथ तीन बदमाश गिरफ्तार

उज्जैन। महाकाल थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में हथियार के साथ तीन बदमाशों को पकड़ा है। इनके खिलाफ आम्र्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। महाकाल पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि भूखीमाता रोड क्षेत्र में एक युवक चाकू लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धरदबोचा।
पूछताछ में उसने अपना नाम शाहनवाज पिता नवाब (21) निवासी जांसापुरा बताया। तलाशी में उसके कब्जे से लोहे का खटकेवाला चाकू मिला जिसे जब्त कर आम्र्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया। इसी तरह नृसिंह घाट चौराहे से छुरा लेकर घूम रहे शराफत पिता शफी मोहम्मद (40) निवासी जांसापुरा और एक अन्य मामले में यादव धर्मशाला के पास से पीयूष पिता अखिलेश गुप्ता (20) निवासी सीतानगर गुजरखेड़ा, इंदौर हालमुकाम उज्जैन को छुरा लेकर घूमते पकड़ा। तीनों मामले में आम्र्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है।









