इंदौर: मंडी में खुलेआम गुंडागर्दी, चार कर्मचारियों को मारा चाकू

इंदौर के चोइथराम मंडी परिसर में बुधवार देर रात बदमाशों ने चार कर्मचारियों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राजेंद्र नगर थाना पुलिस के अनुसार घायल युवकों की पहचान अरुण पुत्र राजू निवासी राजा रानी नगर, सुनील पुत्र बाबूलाल, रंजीत पुत्र रामगणेश और सूरज पुत्र बाबूलाल के रूप में हुई है। सभी युवक चोइथराम मंडी की दुकान नंबर-1 पर हम्माली और मजदूरी का काम करते हैं।
बताया जा रहा है कि रोज की तरह चारों युवक देर रात फलों से भरे वाहनों को खाली करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंडी गेट के पास सार्वजनिक शौचालय के नजदीक अंधेरे में घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने शराब पीने के लिए रुपयों की मांग की।
जब कर्मचारियों ने रुपए देने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद बदमाशों ने धारदार चाकू निकालकर सुनील पर हमला कर दिया। साथी को बचाने पहुंचे अन्य कर्मचारियों पर भी आरोपियों ने ताबड़तोड़ वार किए। हमले के बाद मंडी परिसर में चीख-पुकार मच गई और लोग मौके की ओर दौड़े। इसी बीच आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला करने वाले बदमाश अहिरखेड़ी क्षेत्र के रहने वाले हैं और क्षेत्र में पहले भी लूटपाट, धमकी और जबरन वसूली जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस ने कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









