इब्राहिमपुरा बाखल पहुुंची पीएचई टीम, लोगों ने घेरा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कम प्रेशर, गंदे पानी और बंद बोरिंग के कारण छह महीने से जलसंकट का सामना कर रहे इब्राहिमपुरा बाखल के रहवासियों की सुध शुक्रवार को नगरनिगम के पीएचई विभाग ने ले ली। कार्यपालन यंत्री वैभव भावसार के नेतृत्व में टंकी प्रभारी से लेकर सब इंजीनियर तक वार्ड 23 के कलालसेरी से लेकर इब्राहिमपुरा बाखल में घर-घर घूमें और समस्या की हकीकत जानी। लोगों ने टीम को घेरकर सप्लाई हो रहा गंदा पानी दिखाया।
इब्राहिमपुरा बाखल में गंदा, बदबूदार और कम प्रेशर से पानी आने की समस्या यहां के रहवासियों ने बताई थी। अक्षरविश्व में खबर प्रकाशित होने के बाद एमआईसी सदस्य एवं क्षेत्रीय पार्षद रजत मेहता कार्यपालन यंत्री वैभव भावसार, टंकी प्रभारी खुमानसिंह और सब इंजीनियर को सुबह 7.30 बजे क्षेत्र में भेजा। करीब आधे घंटे तक टीम बाखल और कलालसेरी में घूमी और तीनों समस्याओं को देखा।
प्रेशर की समस्या तो नहीं दिखी लेकिन पानी गंदा आता जरूर मिला। लोगों ने टीम को पानी भी बताया। एमआईसी सदस्य रजत मेहता ने कहा कि वार्ड में प्रेशर चैक करने के लिए टीम भेजी थी। उन्होंने मुआयना किया है। बोरिंग स्वीकृत हैं, लेकिन समस्या बड़ी गाड़ी के अंदर आने की है। दो बोर हाल में कराए गए थे। दोनों में पानी नहीं आया। फिर भी समस्या को दिखवा रहे हैं।









