उज्जैन : दोस्त की मौत से दु: खी युवक ने जान दी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। दोस्त की मौत से दु:खी युवक ने घटना के तीन दिन बाद ही जहर खाकर जान दे दी। मामला बाढ़कुम्मेद गांव का है। शुक्रवार को बाढ़कुम्मेद निवासी समीर पिता दिलीप मीणा (19) ने जहर खा लिया। दोपहर में जब समीर छत पर उल्टी कर रहा था तब परिवारजनों को घटना का पता चला। सभी उसे लेकर तुरंत चरक भवन लाए, जहां इलाज के दौरान शाम 6 बजे उसकी मौत हो गई। समीर के पिता दिलीप पेशे से ड्राइवर हैं जबकि समीर स्टूडेंट था।
पिता दिलीप ने बताया कि समीर के दोस्त आशीष पिता ताराचंद विश्वकर्मा (22) की जहर खाने से दो दिन पहले 12 मई को मौत हो गई थी। आशीष एचडीएफसी बैंक के होमलोन डिपार्टमेंट में नौकरी करता था। मंगलवार रात वो मूर्छित अवस्था में बाढ़कुम्मेद मार्ग पर पड़ा मिला था। देर रात अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। पिता दिलीप ने बताया कि इस घटना का समीर को गहरा सदमा पहुंचा था। वो तभी से काफी उदास और शोक में डूबा था। किसी को ऐसा आभास नहीं था कि समीर भी आत्मघाती कदम उठा सकता है। पंवासा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है।









