कोठी रोड स्थित स्वीमिंग पूल फिर बंद, तैरने आए लोगों का हंगामा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कोठी रोड स्थित नवनिर्मित तरणताल बुधवार को पानी गंदा होने के चलते फिर से बंद कर दिया गया। जिसके चलते तैराकी करने आए कुछ युवकों ने यहां हंगामा कर दिया। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी भी की और कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही स्वीमिंग पूल बंद किया था, अब उसे फिर से बंद कर दिया गया है।
दरअसल, अंतर्राष्ट्रीय मानकों के मुताबिक 8.30 करोड़ रुपए की लागत से कोठी रोड पर पुराने स्वीमिंग की जगह नया स्वीमिंग पूल बनाया गया है। शहरवासियों के लिए गर्मी के इसी सीजन में इसे शुरू किया गया है लेकिन पहले टाइम और शुल्क तय नहीं होने के चलते लेटलतीफी हुई और जब यह शुरू हुआ तो कुछ ही दिनों में इसका पानी गंदा हो गया जिसके चलते 10 मई को शाम 5 बजे से 12 मई को सुबह 6 बजे तक के लिए बंद किया गया था ताकि इसकी क्लीनिंग की जा सके।
इसके लिए पूल के बाहर बकायदा सूचना भी चस्पा की गई थी लेकिन तय समय में सफाई का काम पूरा नहीं होने से 15 मई को इसे फिर से शुरू किया जा सका। हालांकि, पांच दिन बाद बुधवार को इसे फिर से बंद कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सुबह 9 बजे जब कुछ लोग तैराकी करने पहुंचे तो पूल बंद देख नाराज हो गए और उन्होंने वहीं पर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। हालांकि, कुछ देर में प्रदर्शन खत्म हो गया और सभी वहां से रवाना हो गए।
नहीं हो सकी चर्चा
इस संबंध में झोन 4 के प्रभारी अधिकारी जितेंद्रपाल सिंह जादौन से चर्चा करने का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं हो सकी। जब भी उनका पक्ष आएगा, आपको बताया जाएगा।









