नंदी हाल में दर्शन कराने के नाम पर ऐंठे थे 5 हजार, अब केस दर्ज

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं से दर्शन के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। नंदी हाल से दर्शन कराने के 5 हजार रुपए ऐंठने वाले आरोपी आशुतोष शर्मा के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
महाराष्ट्र से शार्दुल कांबले, तन्मय भालेकर और मानव गायकोड 13 मई को दर्शन करने आए थे। तीनों श्रद्धालु प्रोटोकाल कर्मचारियों के साथ नंदीहॉल में दर्शन के लिए जाने लगे तो वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया। इसी दौरान बहस होने पर उन्होंने बताया कि नंदीहॉल से दर्शन करने के लिए उन्होंने 5 हजार रु. आशुतोष शर्मा नाम के युवक को दिए हैं।
सुरक्षाकर्मी तुरंत तीनों श्रद्धालुओं को मंदिर के मुख्य कंट्रोल रूम लेकर पहुंचे। यहां पूछताछ में श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्होंने आशुतोष शर्मा के मोबाइल पर ऑनलाइन माध्यम से रुपए ट्रांसफर किए थे। कंट्रोल रूम में जांच करने पर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन आईडी नं. 613361985319 भी सामने आई, जिससे ठगी की पुष्टि हो गई।
सुपरवाइजर ने की थी शिकायत
मामले की गंभीरता और मंदिर की छवि को धूमिल होते देख महाकाल मंदिर के सुपरवाइजर मुकेश बोगना ने तुरंत थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि सुपरवाइजर की शिकायत पर आरोपी आशुतोष शर्मा के खिलाफ धारा 318 (4) के तहत धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और उसके मोबाइल को सर्विलांस पर लिया गया है।









