नानाखेड़ा स्टेडियम प्रभारी की दादागीरी, शूटिंग कोच को पीटा, बोले- जहां दिखेगा, वहीं ठोकूंगा

प्रभारी ने कहा- अवैध वसूली बंद करवाई तो झूठे आरोप लगा रहा है

उज्जैन। नानाखेड़ा स्टेडियम की देखरेख के लिए नियुक्त प्रभारी रामकुमार मिश्रा ने शूटिंग कोच को जमकर पीट दिया और धमकी दी कि जहां दिखेगा, वहीं ठोकूंगा। मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। घटना की रिपोर्ट लिखाने कोच नानाखेड़ा थाने पहुंचे तो रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की गई। सिर्फ आवेदन लेकर रख लिया गया। घटना के दो दिन बीतने के बाद भी अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। प्रभारी ने अपनी सफाई में कहा कि स्टेडियम में अवैध वसूली बंद कराई तो झूठा आरोप लगाया जा रहा है।
दरअसल मारपीट का यह मामला बुधवार रात का है। नानाखेड़ा स्टेडियम में इंडोर शूटिंग सिखाई जाती है। संजय सिक्योरिटी के आउटसोर्स कर्मचारी विराज परिहार बच्चों को शूटिंग सिखा रहे थे। इस दौरान स्टेडियम के प्रभारी और पुलिस की रेडियो शाखा से सेवानिवृत एएसआई रामकुमार मिश्रा रेंज में पहुंच गए और पिस्टल उठा ली। उन्हें ऐसा करने से परिहार ने रोका तो वह बदतमीजी पर उतर आए और धक्का दे दिया।
परिहार के मुताबिक मिश्रा ने उनकी पिटाई की और जान की धमकी देते हुए कहा कि तू मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। मेरा एक बेटा थानेदार और दूसरा पटवारी है। तू मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा, जहां मिलेगा, वहीं ठोकूंगा। परिहार के मुताबिक वह पिटाई की शिकायत करने नानाखेड़ा पहुंचे तो मिश्रा की पहुंच के कारण उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। रात १० बजे तक पुलिसकर्मी टालते रहे। 10 बजे बाद उन्होंने आवेदन लेकर रख लिया लेकिन एफआईआर नहीं काटी।
मैसेज पर बात करने गया था, बदतमीजी की
नानाखेड़ा स्टेडियम प्रभारी रामकुमार मिश्रा ने बताया कि परिहार ने व्यवस्था से जुड़ी समस्या का मैसेज भेजा था। इस पर बात करने गया तो उसने अभद्रता की। उसे समझाया कि तुम मेरे बच्चों जैसे हो लेकिन वह नहीं माना। चूंकि मैंने बच्चों से होने वाली अवैध वसूली बंद करवा दी है, इस कारण परिहार खफा है। वह झूठी शिकायत कर रहा है। मैंने एसपी का नाम लेकर नहीं धमकाया।
विभागीय मामला, इसलिए प्रतिवेदन मांगा है
नानाखेड़ा स्टेडियम का मामला विभागीय है, इसलिए खेल विभाग से प्रतिवेदन मांगा है। सीधी एफआईआर दर्ज करने से पहले जांच भी जरूरी है। दूसरे पक्ष को भी बुलाया है। जांच के बाद जो भी स्थिति बनेगी, उस मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
नरेंद्र यादव, थाना प्रभारी, नानाखेड़ा
दोनों पक्षों को समझाया है
कोच और स्टेडियम प्रभारी को समझाया है। अन्य लोगों से भी बात कर रहे हैं। जांच भी चल रही है। इसमें जो भी दोषी होगा, उस पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
ओपी हारोड, जिला खेल अधिकारी









