नाबालिग का विवाह रुकवाया तो पीटा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अपने साथ काम करने वाली नाबालिग लड़की की शादी रुकवाना एक युवक को महंगा पड़ गया। उसके भाइयों ने युवक की जमकर कुटाई कर दी और बाद में उसे 112 की मदद से चरक अस्पताल भी भिजवा दिया। युवक का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।

बापू नगर आगर रोड निवासी सीताराम पिता राजीव मालवीय दो महीने पहले तक इंदौर रोड स्थित एक निजी होटल में नौकरी करता था। यहां उसके साथ काम करने वाली एक किशोरी ने उसे बताया कि उसके परिजन उसका सामूहिक सम्मेलन में जबरन विवाह कर रहे हैं। लड़की द्वारा मदद मांगे जाने पर सीताराम ने सीएम हेल्प-लाइन में शिकायत कर अक्षय तृतीया पर पीथमपुर के सामूहिक विवाह सम्मेलन में होने वाले उसके विवाह को रुकवा दिया। इस घटना के बाद लड़की के परिजन सीताराम से बदला लेने की फिराक में घूमने लगे।
मंगलवार रात करीब 9 बजे सीताराम अपने दोस्त विशाल पिता जयराम निवासी मालनवासा के साथ तपोभूमि के पास स्थित ब्रिज के नीचे खड़ा था। तभी लड़की के भाई गौरव और राज सरगरा वहां पहुंचे और विशाल व सीताराम को जमकर पीटा। बाद में वे विशाल को नाली किनारे फेंक गए और सीताराम को अपने साथ गाड़ी में डाल नवाखेड़ा ले गए। यहां भी उन्होंने सीताराम के साथ मारपीट कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया और बाद में 112 पर पुलिस बुलाकर दुर्घटना का मामला बताकर सीताराम को उनके साथ अस्पताल भेज दिया। अस्पताल में सीताराम की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
बहू को छेड़ा, रोकने पर सास-पति को पीटा
उज्जैन। ग्राम डेलची में एक शादी समारोह में बदमाश सद्दाम ने एक विवाहित महिला को छेड़ दिया। मना करने पर महिला की सास जैतून पति अजीत खान और पति आशिक को बुरी तरह पीट दिया। जैतून का चरक अस्पताल में इलाज चल रहा है।









