नेशनल गेम्स प्रतियोगिता के लिए 150 में से श्रेष्ठ खिलाडिय़ों को चुना गया

By AV NEWS

दो दिवसीय चयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, अक्टूबर में होगी प्रतियोगिता

उज्जैन। मध्यप्रदेश मल्लखंब एसोसिएशन एवं खेल युवा कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित प्रथम राज्यस्तरीय नेशनल गेम्स 2022 प्रतियोगिता लोकमान्य तिलक विद्यालय में हुई। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के करीब 150 खिलाडिय़ों ने भाग लिया एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सोनू गेहलोत ने बताया कि आगामी नेशनल गेम्स प्रतियोगिता अहमदाबाद गुजरात में 5 से 9 अक्टूबर को आयोजित की जा रही है जिसमें मध्यप्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के सहयोग से भारतीय ओलंपिक महासंघ द्वारा उक्त प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता में चयनित प्रथम 6 खिलाड़ी पुरुष वर्ग में पंकज गरगामा, चंद्रशेखर चौहान, प्रणव कोरी, प्रणीत यादव, यतिन कोरी एवं राजवीर पवार है। वहीं महिलाओं में चंद्रिका मितोला, सिद्धि गुप्ता, सोनू मंडावलिया, संजना प्रजापति, जेसिका प्रजापति, हर्षिता कानड़कर एवं अंजली यादव के नाम हैं। छठे स्थान पर दो खिलाडिय़ों हर्षिता और अंजलि के समान अंक होने के कारण तकनीकी समिति ने लाटरी से निर्णय करने का फैसला दिया है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु सही निर्णय के लिए गुजरात एवं महाराष्ट्र के निर्णायकों को आमंत्रित किया गया था। गुजरात से राहुल चौकसे एवं संगीता चौकसे, महाराष्ट्र से सुजीत शेडग़े एवं पाटिल को आमंत्रित किया गया था। जिन्होंने निष्पक्ष निर्णय प्रदान किया।

मध्य प्रदेश की तकनीकी समिति में चेयरमैन विक्रम अवार्डी पंकज सोनी, कन्वीनर राष्ट्रीय निर्णायक संजय पोपंड्या, सदस्य राज्य निर्णायक एवं विक्रम अवार्डी मुन्नालाल मामोडिया, राज्य निर्णायक राहुल बारोठ, मुजाहिद बेग, तरुणा चावरे, दर्शनी त्रिपाठी एवं गौरव वर्मा रहे। गेहलोत ने बताया कि नेशनल गेम प्रतियोगिता के पूर्व चयनित दोनों टीमों में दो-दो एक्स्ट्रा खिलाड़ी सम्मिलित कर इन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Share This Article