बच्चों और युवाओं की कल लगेगी पाठशाला

नईपेठ स्थित मोतीमहल में संवाद से संस्कार सिखाएंगे

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नईपेठ स्थित मोतीमहल धर्मशाला में रविवार को अनूठी क्लास लगेगी। 10 साल के बच्चों से लेकर 30 वर्ष तक के युवा यहां संस्कार का पाठ सीखेंगे। दो सत्रों में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। इसी कड़ी में आयोजन के फोल्डर का विमोचन किया गया।
दरअसल, अखिल भारतीय श्री राजेंद्र जैन बहू परिषद के संयोजन में 10 साल के बच्चों से लेकर 30 वर्ष तक के युवाओं को संस्कार सिखाए जाएंगे। मोती महल धर्मशाला नईपेठ में दो सत्र में यह सेमिनार होगा। मुख्य वक्ता भोपाल की काउंसिलर हर्षणा वोहरा होंगी। बहू परिषद की अध्यक्ष प्रमिला तल्लेरा ने बताया कि अखिल भारतीय राजेंद्र जैन नवयुवक और तरुण परिषद, महिला परिषद एवं श्वेतांबर मूर्तिपूजक त्रिस्तुतिक श्री संघ के सहयोग से होने वाले इस सेमिनार का पहला सत्र दोपहर 12.05 बजे से शुरू होगा और दोपहर 3बजे तक चलेगा। दूसरा ३ बजे से शुरू होगा।
सत्र में क्या
पहला सत्र: केवल बच्चे और युवा ही सहभागिता करेंगे। इसमें बच्चे चुप क्यों रहते हैं। उनकी समझ और भावनाएं क्या हैं। डांट की जगह संवाद और किशोरावस्था में बच्चों की भावनाएं क्या होती हैं, पर चर्चा होगी। इसमें उन्हें विश्वास, समय और साथ का महत्व बताया जाएगा। कॅरियर चयन, खुद से कैसे करें प्यार, कैसे बात सुनी जाए, मित्रों का चयन कैसे किया जाए, विषय पर बात होगी। दूसरा सत्र- इसमें बच्चों के साथ उनके माता-पिता और अभिभावक भी उपस्थित रहेंगे। इसमें पारिवारिक संवाद से दूर होते बच्चे, मोबाइल बनाम पारिवारिक संवाद, रिश्तों में अपनापन पर बात होगी।
बच्चें को मिलेंगे उपहार
शिविर में सहभागिता करने वाले बच्चों को विशेष उपहार भी दिए जाएंगे। सेमिनार में शामिल होने के लिए सुबह 11बजे रिपोर्ट करनी होगी। 11.25 तक पहुंचने वालों को ही प्रवेश दिया जाएगा। रजिस्ट्रेशन शुल्क १०० रुपए रखा गया है। गुरुवार को सेमिनार के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर बहू परिषद की रुचिका कोठारी, प्रियंका पिपाड़ा, प्रिया खाबिया, विनीता बापना, जूली गोलेच्छा, प्रीति पगारिया, कविता मेहता, सपना बाफना, डिंपल पिपाड़ा, प्रिया कंकरेचा, जया नाहटा विशेष रूप से उपस्थित थीं।









