महाशिवरात्रि से लेकर वर्ष प्रतिपदा 22 मार्च तक विक्रमोत्सव मनाया जाएगा

By AV NEWS

शिव दीपावली मनाएंगे 21 लाख दीये लगाकर गिनीज बुक में नाम दर्ज कराया जाएगा

उज्जैन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशानुरूप उज्जैन में अगले वर्ष महाशिवरात्रि 18 फरवरी 2023 से लेकर वर्ष प्रतिपदा 22 मार्च 2023 तक विक्रमोत्सव का आयोजन किया जायेगा। 18 फरवरी महाशिवरात्रि पर्व पर शिव दीपावली मनाकर शिप्रा नदी रामघाट एवं अन्य घाटों पर 21 लाख दीये लगाकर गिनीज बुक में नाम दर्ज कराया जाएगा।

विक्रमोत्सव में अलग-अलग तिथियों में कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में शुक्रवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। डॉ. यादव ने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व 18 फरवरी को शिव दीपावली मनाई जाकर अभी से गिनीज बुक में नाम आने के लिये संबंधित से संपर्क किया जाये।

कलेक्टर आशीष सिंह ने इस संबंध में संबंधित अधिकारी को दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि 21 लाख दीये लगाये जाने के लिये रामघाट छोटा पडऩे पर आगे के घाटों का उपयोग किया जाये। डॉ.यादव ने जानकारी दी कि विक्रमोत्सव के भव्य आयोजन के लिये मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ भी बैठक शीघ्र की जायेगी। विक्रमादित्य शोधपीठ के संचालक श्रीराम तिवारी ने बैठक के आयोजन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में विधायक पारस जैन, निगम आयुक्त रोशनसिंह, एडीएम संतोष टैगोर, महापौर मुकेश टटवाल निगम सभापति कलावती यादव आदि मौजूद थे।

18 फरवरी से 22 मार्च तक ये होंगे आयोजन

महाशिवरात्रि 18 फरवरी से वर्ष प्रतिपदा 22 मार्च तक अलग-अलग तिथियों में शिव दीपावली, भक्तिपरक लोकप्रिय गायकों की प्रस्तुतियां, विविध प्रदर्शनियां, हस्त शिल्प मेला, नाट्य प्रस्तुतियां, पुस्तक मेला, मंदिरों के श्रृंगार भजन मंडलियों की प्रतियोगिता, अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह, राष्ट्रीय वेद समागम, वृहत्तर भारत की संस्कृति, साहित्य एवं पुरातत्व पर केंद्रित राष्ट्रीय संगोष्ठी, कवि सम्मेलन, राष्ट्रीय युवा विज्ञान महोत्सव, विक्रमादित्य वैदिक घड़ी की स्थापना, विक्रम पंचांग का प्रकाशन, वेद अंताक्षरी सहित भारत एवं दुनिया के अनेक देशों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जायेगा।

Share This Article