सिंहस्थ 2028 : सुगम यातायात के लिए व्यवस्थित होंगे 100 चौराहे

संभागायुक्त आशीष सिंह ने जिम्मेदार विभाग के प्रमुखों के साथ मीटिंग की
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ-2028 में शहर का ट्रैफिक सुगम करने के लिए 100 चौराहों को व्यवस्थित किया जाएगा। संभागायुक्त आशीष सिंह ने इस संबंध में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, लोक निर्माण विभाग, उज्जैन विकास प्राधिकरण, नगर निगम और सेतु निगम के अफसरों के साथ मीटिंग की। इसमें यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ चौराहों के विकास पर चर्चा की गई। उज्जैन शहर की एक बड़ी समस्या अव्यवस्थित ट्रैफिक भी है।
फ्रीगंज क्षेत्र में खुलापन होने से चौराहे तो काफी है लेकिन कई जगहों पर यह व्यवस्थित नहीं है। ऐसा ही हाल पुराने शहर का है। यहां के चौराहे भी खुले नहींं हैं और इस वजह से ट्रैफिक गड़बड़ होता है। संभागायुक्त इस मीटिंग के जरिए शहर में ट्रैफिक व्यवस्थित करने पर जोर दे रहे थे। उन्होंने अफसरों से कहा कि आप सभी 100 चौराहों का डिजाइन ट्रैफिक मैनेजमेंट की दृष्टि से तैयार करें। इन डिजाइन को बनाते समय यह ध्यान रखें कि प्रमुख चौराहों का लेफ्ट टर्न पूरी तरह फ्री हो, बेहतर रोड ज्योमेट्री हो, यहां संकेतक लगाए जा सकें और ट्रैफिक का मैनेजमेंट साइंटिफिक हो।
तकनीक के प्रयोग पर जोर
संभागायुक्त ने चौराहों के डिजाइन का बनाते समय तकनीक के प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि चौराहों की डिजाइन व्यवस्थित होगी तो ट्रैफिक का संचालन सुगमता से हो सकेगा। ट्रैफिक जाम की स्थिति नहीं बनेगी।









