सिलेंडर नहीं मिलने पर गुस्साए उपभोक्ताओं ने किया चक्काजाम, हाय-हाय और मुर्दाबाद के नारे लगाए

सिलेंडर ब्लैक में बेचने और बाउंसरों द्वारा मारपीट करने के आरोप लगाए, कोतवाली पुलिस की समझाइश पर माने

उज्जैन। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रही तनातनी के बीच एलपीजी सिलेंडर की समस्या शादियों का सीजन शुरू होने के साथ फिर बढ़ गई है। इसी के चलते बहादुरगंज स्थित शिप्रा गैंस एजेंसी पर सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान उपभोक्ताओं ने मंगलवार को हंगामा कर दिया।
सूचना पर कोतवाली थाने से पुलिसकर्मी एजेंसी पहुंचे और वहां कर्मचारियों से बात करते हुए लाइन में लगे उपभोक्ताओं को समझाने की कोशिश की लेकिन कस्टमर इतने परेशान हो चुके थे कि वह सिलेंडर देने की मांग पर अड़े रहे। जब निराकरण नहीं हुआ तो नाराज लोगों ने नईसड़क पर बिजली घर के पास चक्काजाम कर दिया। इससे वहां वाहन फंस गए।
इधर, चक्काजाम की सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम लगा रहे उपभोक्ताओं को समझाइश दी लेकिन उन्होंने एजेंसी का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की। काफी मशक्कत के बाद चक्काजाम समाप्त हो सका। इस दौरान उपभोक्ता ने शिप्रा गैंस एजेंसी के बाउंसरों द्वारा मारपीट करने के आरोप भी लगाए, इससे जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं।
सड़क पर खाली टंकी रखकर हाय-हाय के नारे: नाराज उपभोक्ताओं ने सड़क के बीचोबीच खाली सिलेंडर रखकर प्रदर्शन किया। जिससे दोनों ओर वाहनों का मजमा लग गया। इस दौरान लोगों ने शिप्रा गैस एजेंसी हाय-हाय और सुनील कछवाय मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
उपभोक्ताओं ने लगाए आरोप
मैं एक माह से सिलेंडर के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगा रही हूं और धक्का देकर एजेंसी से बाहर निकाल दिया। एजेंसी वालों का कहना है कि इंडक्शन जलाओ। अब कैसे परिवार का पालन-पोषण करें। – आशिया, उपभोक्ता
उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं दी जा रही बल्कि उसे ब्लैक में बेचा जा रहा है। एजेंसी के बाउंसरों ने दो युवकों के साथ मारपीट की है। रोज उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
दीपेश, उपभोक्ता
मुझे एक माह से सिलेंडर नहीं मिला है। रोज काम धंधा छोड़कर यहां आता हूं और कहा जाता है कि आज नहीं कल मिलेगी। इस तरह से टाला जा रहा है। मेरे साथ धक्का-मुक्की की गई, जबकि में दिव्यांग हूं।
नंदकिशोर, उपभोक्ता
मामले में दोनों पक्षों में से किसी ने शिकायत नहीं की है। यदि शिकायत करते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।
– डीबीएस तोमर
टीआई, थाना कोतवाली
सभी को सिलेंडर दिया जा रहा है, उपभोक्ताओं द्वारा लगाए आरोप गलत हैं। कस्मटर्स ने हमारे बाउंसरों के साथ मारपीट की जिसके वीडियो भी हैं।
सुनील कछवाय
संचालक, शिप्रा गैस एजेंसी
View this post on Instagram









