3 अगस्त से सावन सवारी, अधूरी निर्माण बनेंगे चुनौती

मानसून से पहले काम पूरा करना जरूरी नहीं तो होगी मुश्किल

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। भगवान श्री महाकालेश्वर की श्रावण-भादौ मास की सवारियों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। इस वर्ष कुल 6 सवारियां निकाली जाएंगी, जिसकी शुरुआत 3 अगस्त को पहली सवारी से होगी। हालांकि, सवारियों में अब केवल तीन महीने का समय शेष है और सवारी मार्ग सहित मंदिर परिसर के कई निर्माण कार्य अब भी अधूरे हैं, जिसने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
प्रशासन के सामने वर्तमान में दोहरी चुनौती है। एक ओर सिंहस्थ के मद्देनजर चल रहे विकास कार्य अधूरे हैं, वहीं दूसरी ओर 20 जून के आसपास मालवा में मानसून की सक्रियता संभावित है। बारिश शुरू होने के बाद खुदाई और ड्रेनेज से जुड़े कार्यों में भारी बाधा आ सकती है। इसी को देखते हुए संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा प्रतिदिन सुबह-शाम निर्माण स्थलों का जमीनी निरीक्षण कर रहे हैं।
महाकाल के आसपास निर्माण कार्यों की स्थिति
सवारी मार्ग- भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मार्ग को चौड़ा और सुगम बनाने का कार्य जारी है, अधिकतर मार्ग खुदा पड़ा है। यहां पाइप लाइन, लाइटिंग, ड्रेनेज, रोड सभी काम अधूरे हैं। सिर्फ तीन महीने शेष है।
मंदिर परिसर- श्रद्धालुओं की कतार व्यवस्था के लिए टनल और सुरक्षा स्ट्रक्चर अभी निर्माणाधीन हैं।
स्मार्ट सिटी: मुख्य चौराहों पर लाइटिंग और फसाड का काम अंतिम चरणों में है।
महाराजवाड़ा क्षेत्र- महाराजवाड़ा के समीप रिटेनिंग वॉल और सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।
इस बार निकलेंगी 6 सवारियां
पहली सवारी 3 अगस्त
दूसरी 10 अगस्त
तीसरी 17 अगस्त
चौथी सवारी 24 अगस्त
पांचवीं 31 अगस्त
अंतिम सवारी 7 सितंबर
कलेक्टर और प्रशासक के निर्देश-हर हाल में सावन के पहले पूरा करना है काम
सावन मास को नजदीक आता देख प्रशासनिक अधिकारी भी कामकाज समय पर पूरा करवाने में जुटे हैं। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह तथा मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने बीती रात महाकाल मंदिर के आसपास चल रहे कामों का निरीक्षण भी किया। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से महाराजवाड़ा की ओर जाने वाली 24 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण को उन्होंने सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महाराजवाड़ा, बड़ा गणेश, महाकाल रोड, 24 खंबा रोड और आसपास चल रहे सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा (डेडलाइन) में पूरा करने के लिए संबंधित एजेंसियों को पाबंद किया गया है।
सख्त निर्देश- श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर कलेक्टर महोदय ने निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी प्रोजेक्ट्स पर 24 घंटे निरंतर (तीन शिफ्टों में) काम किया जाए। लक्ष्य यह है कि सावन मास शुरू होने से पहले बुनियादी सुविधाएं और सड़क का कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण हो जाए।
-आशीष फलवाडिय़ा, सहायक प्रशासक









