350 मीटर लंबे कंठाल चौराहा-छत्री चौक मार्ग का चौड़ीकरण रविवार से

पहले चरण में सतीगेट के पास तक होगा काम

निगम प्रशासन और पार्षद व्यवस्था बनाने में जुटे, तीन चरणों में होने वाले काम का पहला फेज बारिश से पहले पूरा करने का लक्ष्य
उज्जैन। मास्टर प्लान के तहत चौड़े हो रहे मार्गों की कड़ी में रविवार से कंठाल चौराहा से गणेश मंदिर के बीच चौड़ीकरण का काम शुरू होगा। क्षेत्रीय पार्षद ने लोगों की सुविधाओं को देखते हुए मीटिंग की और बुनियादी व्यवस्थाएं जुटाने की जानकारी दी।
दरअसल कोयलाफाटक-छत्री चौक चौड़ीकरण के तहत ही कंठाल चौराहा से छत्रीचौक तक का मार्ग चौड़ीकरण किया जाना है। इस घने व्यवसायिक इलाके के दोनों तरफ के 70 भवन चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे हैं। चौड़ीकरण को रोकने के लिए कुछ भवन मालिक कोर्ट से स्टे भी ले आए हैं, इसलिए फिलहाल अब तक काम शुरू नहीं हो सका था लेकिन सिंहस्थ दृष्टि से सबसे उपयोगी मार्ग होने के कारण अब यहां चौड़ीकरण का काम किस्तों में शुरू किए जाने की योजना है।
इसी कड़ी में पहले चरण में कंठाल चौराहा से गणेश मंदिर (सतीगेट के करीब) तक के मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। दूसरे चरण में अगले 100 मीटर और तीसरे चरण में बचे 150 मीटर को चौड़ा करने की योजना है। चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले १२ परिवारों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उन्हें रविवार से काम शुरू करने की जानकारी भी दे दी गई है।
नगर निगम करेगा यह व्यवस्था
चौड़ीकरण कार्य के दौरान नालियों के पानी की निकासी का प्रबंध नगरनिगम करेगा।
अधिकतर भवनों की ऊपरी मंजिलों पर परिवार रहते हैं, ऐसे में जल की उपलब्धता के लिए टैंकर खड़े किए जाएंगे।
कोशिश रहेगी कि सफाई का काम भी इस दौरान बराबर चलता रहे।
चूंकि चौड़ीकरण गणेश मंदिर तक होगा, ऐसे में कोशिश रहेगी की मुसद्दीपुरा वाले क्षेत्र में ट्रैफिक का आवागमन होता रहे।
पहले 100 मीटर फिर आगे बढ़ेंगे
कंठाल चौराहा- छत्री चौक रोड का चौड़ीकरण अलग-अलग चरण में कर रहे हैं। पहले चरण में कंठाल चौराहा से सतीगेट के पास तक चौड़ीकरण करने की योजना है। चूंकि यह पूरा मार्ग 350 मीटर लंबा है। ऐसे में इसे दो से तीन चरण में पूरा करेंगे। कोशिश है कि वर्षा सीजन तक पहला चरण का 100 मीटर मार्ग पूरा कर लिया जाए।
अभिलाष मिश्रा, निगमायुक्त
एमआईसी सदस्य रजत मेहता ने इस संबंध में प्रभावित परिवारों के साथ मीटिंग की और उन्हें निगम की तैयारी की जानकारी दी। मेहता ने बताया कि कंठाल चौराहा-छत्रीचौक मार्ग चौड़ीकरण के दायरे में यूं तो ७० भवन आ रहे हैं लेकिन इसकी वजह से २ हजार से ज्यादा लोग प्रभावित होंगे। ऐसे में सफाई, पानी और ट्रैफिक के इंतजाम को लेकर चर्चा की है। कोशिश है कि एक साल में चौड़ीकरण का काम पूरा हो जाए।









