5 ज्योतिर्लिंग, द्वारकाधीश और एलोरा के दर्शन कराएगी भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन

11 जुलाई को रीवा से रवाना होगी, उज्जैन में भी मिलेगी बोर्डिंग की सुविधा

उज्जैन। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक पर्यटन यात्रा का आयोजन करने जा रहा है। भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से यात्रियों को 5 ज्योतिर्लिंग के साथ द्वारकाधीश मंदिर और एलोरा गुफाओं का भ्रमण करवाया जाएगा।
यह सफर 10 रातें और 11 दिनों का होगा जो 11 जुलाई से शुरू होगा। रीवा से यह विशेष ट्रेन रवाना होगी जिसमें उज्जैन सहित सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नृसिंहपुर, इटारसी, रानी कमलापति, शुजालपुर से बोर्डिंग की सुविधा मिलेगी। यात्रा का नाम ‘पांच ज्योतिर्लिंग यात्रा विद द्वारकाधीश दर्शन एवं एलोरा केव्स’ रखा गया है। इस धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को नागेश्वर, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, घृष्णेश्वर और भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करवाए जाएंगे। इसके अलावा द्वारका के द्वारकाधीश मंदिर और महाराष्ट्र की एलोरा गुफाओं का भ्रमण भी करवाया जाएगा।
यात्रा के दौरान पैसेंजरों को मिलेंगी यह सुविधाएं
यात्रा के दौरान यात्रियों को वेज खाना मिलेगा। पैकेज में नाश्ता, दोपहर और रात का खाने के साथ दोनों समय चाय और पानी की सुविधा शामिल है। प्रत्येक कोच में एक कोच इंचार्ज तैनात रहेगा, वहीं सुरक्षागार्ड भीरहेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में सेंट्रलाइज्ड अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा यात्रियों के ठहरने के लिए होटल की सुविधा रहेगी।
स्थानीय भ्रमण बसों से होगा
स्थानीय भ्रमण और दर्शनीय स्थलों की सैर बस से करवाई जाएगी। भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन में 14 कोच होंगे जिसमें 7 स्लीपर, 3 थर्ड एसी, 1 सेकंड एसी कोच, 1 भोजनयान और 2 पॉवर कार शामिल होंगी।
यह रहेगा ट्रिप का किराया
यात्रा के लिए स्लीपर श्रेणी का किराया 20,250 रुपए, थर्ड एसी का 33,250 रुपए तथा सेकंड एसी का किराया 44,000 रुपए होगा। सभी पैकेज जीएसटी सहित हैं।इस यात्रा की बुकिंग आईआरसीटीसी कार्यालयों के साथ ऑनलाइन करवाई जा सकती है।









