7 कुत्तों ने मासूम को 43 सेकंड तक नोचा, सिर में 80 टांके, हालत गंभीर…

पुणे, एजेंसी। पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवाड़ में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। सात आवारा कुत्तों ने चार साल की बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर पर 80 से ज्यादा टांके लगे हुए हैं। घटना चिखली इलाके की है। बच्ची के पिता गिरधर मिश्रा के मुताबिक, बच्ची पास के पेड़ से कुछ पत्तियां लेने के लिए घर से बाहर निकली थी।
पेड़ के पास पहुंचते ही कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि कुत्तों के झुंड ने करीब 43 सेकंड तक बच्ची को काटा। उसके हाथों और जांघों पर चोटें आई हैं। बच्ची की चीख सुनकर स्थानीय लोग उसे बचाने के लिए पहुंचे और कुत्तों को वहां से भगाया। घटना का सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सामने आया है।
फुटेज में कुत्तों का झुंड बच्ची को चारों तरफ से घेरते दिख रहा है। बच्ची उनसे बचकर भागने की कोशिश कर रही थी, तभी दो कुत्तों ने उस पर हमला कर उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद बाकी कुत्ते भी बच्ची की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों के पहुंचने के बाद कुत्ते वहां से भागे और बच्ची को बचाया जा सका। बच्ची के पिता ने कहा कि उनके इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या गंभीर हो गई है। उन्होंने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की।









