एक साल में ही बिसरा दिया कद्दावर नेता बाबूलाल जैन साहब को…

By AV NEWS

नगर अध्यक्ष का दावा – पुष्पांजलि सभा का पहले से किया था प्लान…!

हकीकत – पार्टी के मंत्री, सांसद और विधायक को ही नहीं दी कार्यक्रम की जानकारी

उज्जैन। शहर, प्रदेश ही नहीं राष्ट्रीय स्तर की बात करें तो कद्दावर नेता बाबूलाल जैन साहब एक ऐसा नाम रहा है, जो नई, पुरानी दोनों पीढ़ी के बीच पहचान के लिए मोहताज नहीं है। उन्होंने शहर, समाज, राजनीति धर्म, संस्कृति के जो दिया वह सभी को याद है। पर इसे दुर्भाग्य की माना जाएगा कि भाजपा के नगर संगठन ने जैन साहब को उनके देवलोकगमन के एक साल में ही ‘भूला-बिसरा’ दिया। रविवार को जैन साहब की प्रथम पुण्यतिथि थी और पार्टी के नगर अध्यक्ष को इस दिवस पर कार्यक्रम रखना तो दूर, प्रथम पुण्यतिथि पर जैन साहब का स्मरण करना भी याद नहीं रहा।

भाजपा के नगर अध्यक्ष विवेक जोशी को इतना भी ध्यान नहीं रहा कि जैन साहब की याद में पार्टी स्तर पर कोई कार्यक्रम न सही सभा ही रख ली जाए। कार्यक्रम के प्रबंधन और आयोजन सूचना देने में माहिर माने जाने वाले भाजपा के संगठन ने एक दिन पूर्व तक जैन साहब स्मृति में किसी कार्यक्रम का प्रेसनोट जारी नहीं किया।

हद तो रविवार की सुबह हो गई, जब भाजपा के नगर अध्यक्ष विवेक जोशी से संपर्क कर जैन साहब की प्रथम पुण्यतिथि के संबंध में जानकारी प्राप्त की, तो कुछ देर विचार करने के बाद बोले ‘..हां..हां.. कार्यक्रम करेंगे। कार्यक्रम कब और कहां होगा? जोशी का कहना था ‘कार्यक्रम तो लोकशक्ति पर होगा, लेकिन कब समय तय नहीं हैं। प्लानिंग तो कल से कर रखी थी।

‘ नगर अध्यक्ष के इस दावे की हकीकत को जानने के लिए जब उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव के स्थानीय कार्यालय, सांसद अनिल फिरोजिया के उज्जैन ऑफिस से यह पूछा कि क्या आपके पास बाबूलाल जैन साहब की पुष्पांजलि सभा संबधी कोई सूचना स्थानीय संगठन या नगर अध्यक्ष द्वारा दी गई तो उनका कहना था की ऐसी कोई सूचना हमारे पास नहीं है।

कुल मिलाकर निष्कर्ष तो यही है की पार्टी को एक पौधे से वटवृक्ष बनाने में अपना योगदान देने वाले अपने समय के ‘दिग्गज नेता’ को पार्टी के नगर संगठन ने ही बिसरा दिया। पार्टी के महापौर प्रत्याशी के केवल 736 वोट से जीतने के बाद भी नगर अध्यक्ष विवेक जोशी और प्रदेश मीडिया सह प्रभारी सचिन सक्सेना की कार्यप्रणाली में कोई बदलाव नहीं आ रहा है।

Share This Article