आरक्षक का हुनर : जुगाड़ से बना दिया स्वदेशी पोर्टेबल सीसीटीवी कैमरा, सीएम डॉ. यादव ने सराहा नवाचार

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अगर कुछ करने का जज्बा हो तो मंजिल खुद पास आ खड़ी होती है। कुछ एक ही कारनामा उज्जैन पुलिस के आरक्षक गौरव जायसवाल ने कर दिखाया। उन्होंने जुगाड़ के सामान से स्वदेशी सीसीटीवी पोर्टेबल कैमरा मॉडल तैयार कर दिया। सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी उनके नवाचार की सराहना की।
दरअसल, एसपी प्रदीप शर्मा टेक्नोक्रेट हैं। आईपीएस बनने से पहले वह मशहूर तकनीकी कंपनी डिलाइट की लंदन यूनिट में पदस्थ थे। तकनीकी उनका शौक है और वह खुद भी गैजेट्स से खेलते रहते हैं। अपने मातहतों में अगर उन्हें यह हुनर दिख जाए तो फिर वह उसे आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ते।
गौरव ने उन्हें जब पोर्टेबल सीसीटीवी कैमरा सिस्टम बनाने का आइडिया बताया तो उन्होंने काम शुरू करने का कहा। यह सिस्टम भीड़ वाले इलाकों में आसानी से फिट किया जा सकता है। उज्जैन उत्सवों का शहर है और यहां साल के 365 ही दिन कुछ ना कुछ आयोजन होते रहते हैं। धार्मिक आयोजन, रैली, जलसे, जुलूस वाली जगह पर सिस्टम से नजर रखी जा सकती है।
पांच जगह से रखी नजर
सिस्टम का पहला परीक्षण ही सवारियों में शुरू किया गया। भीड़ के मुख्य केंद्र रहने वाली पांच जगह गुदरी चौराहा, हरसिद्धि पाल, रामघाट, रामानुजकोट और कमरी मार्ग पर सिस्टम लगाए गए। सिम आधारित संचार व्यवस्था से जुड़े सिस्टम से पुलिस को लाइव निगरानी में काफी मदद मिली। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कम लागत वाले पोर्टेबल सीसीटीवी सिस्टम के नवाचार की सराहना की है।









