बांस के पेड़ की कटाई करने के दौरान बाप-बेटे को लगा करंट, दोनों की मौत

आगर जिला मुख्यालय के बड़ोद थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम बीजानगरी में बांस के पेड़ों की कटाई करने के दौरान बाप-बेटे विद्युत तार की चपेट में आ गए जिसमें दोनों की करंट लगने पर मौके पर ही मौत हो गई।

बड़ोद थाना प्रभारी कृष्णकांत तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों बाप बेटे उनके खेत पर बांस के पेड़ की कटाई कर रहे थे इस दौरान प्रतापसिंह पिता शिवसिंह उम्र 24 साल निवासी ग्राम बिजानगरी अचानक बांस के पेड़ों के उपर से जा रहे विद्युत तार की चपेट में आ गया.
जिससे उसे करंट लग गया इस दौरान वहां पर उपस्थित उसके पिता शिवसिंह पिता कालुसिंह उम्र 62 वर्ष उसे बचाने गए तो वह भी करंट की चपेट में आ गए जिससे दोनों बाप बेटे की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, सूचना मिलने पर बड़ोद थाना पुलिस और बीजानगरी चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद कर पीएम हेतु बड़ोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया जहां से दोनों शवों का पीएम उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।









