इंदौर में बरसात से शिप्रा का जल स्तर बढ़ा

By AV NEWS 2

उम्मीद और राहत की बौछार…. रिमझिम बारिश से भीगा शहर

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। जिले में औसत वर्षा का आंकड़ा गत वर्ष की तुलना में कम है। कुछ दिनों से बरसात नहीं होने से उमस-गर्मी ने सभी को बैचेन कर रखा था।

शुक्रवार सुबह की बरसात से शहर तरबतर होता रहा। बीते 24 घंटे में 43 मिमी (एक इंच से कुछ अधिक) दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से गर्मी का अहसास ज्यादा है।

उमस भी बेचैन कर रही थी। गुरुवार को सुबह बादल छाए थे और फिर दिनभर मौसम साफ रहा। शुक्रवार सुबह से मौसम में बदलाव के साथ रिमझिम बरसात का दौर प्रारंभ हुआ। कभी तेज तो कभी धीमी बरसात से शहर पूरी तरह भीग गया। सड़कों पर पानी बह निकला। सुबह 8 बजे तक भी रुक-रुककर वर्षा होती रही है तो बीच-बीच में धूप भी निकल रही थी मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में लो प्रेशर एरिया की वजह से मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है।

इस वजह से कुछ जिलों में बारिश हो रही है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मानसून ट्रफ के चलते तेज बारिश का अनुमान है। 25 अगस्त से सिस्टम और मजबूत हो जाएगा। बीते 24 घंटे में सुबह 8.30 बजे तक 43 मिमी (एक इंच से कुछ अधिक) बारिश रिकॉर्ड की गई। गुरुवार को दिन का तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे काफी गर्मी होती रही। गुरुवार-शुक्रवार की रात का तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

नदी का पानी छोटी रपट से ऊपर

इंदौर में हो रही तेज बारिश के बाद शिप्रा नदी में पानी का लेवल बढ़ गया। पुलिस द्वारा नदी के पुलों पर बेरिकेडिंग कर यातायात डायवर्ट किया गया है। सुबह शिप्रा नदी के छोटे पुल से करीब 3 फीट ऊपर पानी बह रहा था। घाटों व पुल के आसपास पुलिस द्वारा बेरिकेडिंग की गई। छोटे पुल से होकर गुजरने वाले वाहनों को डायवर्ट कर बड़े पुल से रवाना किया गया वहीं नदी में पानी का लेवल बढऩे से लोगों को नदी में जाकर स्नान करने से होमगार्ड जवानों द्वारा चेतावनी देकर रोका गया।

Share This Article