गुजरात की कंपनी 58 करोड़ रुपए से बनाएगी फ्रीगंज का ओवरब्रिज

अक्षरविश्व एक्सक्लूसिव-टेंडर खुला: अब सरकार की मंजूरी का इंतजार फिर शुरू होगा काम

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

योजना पर रिक्लिक

21.40 मीटर कुल चौड़ाई होगी

9-9 मीटर चौड़े दोनों तरफ रोड होंगे

1.5-1.5 मीटर के फुटपाथ बनेंगे

0.40 मीटर का बीच में डिवाइडर

सुधीर नागर|उज्जैन। फ्रीगंज में नया फोरलेन ओवरब्रिज बनने की उम्मीद और बढ़ गई है। लंबे इंतजार के बाद इसका टेंडर खुल गया है। गुजरात की कंपनी इसे 58 करोड़ रुपयों में ही बना देगी। इससे सरकार को 13 करोड़ रुपयों की बचत होगी। अब इस टेंडर की मंजूरी की प्रक्रिया शुरू होगी। सरकार की हरी झंडी मिलने पर काम शुरू हो सकेगा।

फ्रीगंज में पुराने समय में बने ओवरब्रिज के समानांतर नया फोरलेन ब्रिज बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग को कड़ी जद्दोजेहद करनी पड़ रही है। सूत्रों के अनुसार कार्यपालन यंत्री पीएस पंत सहित इंजीनियरों को शुक्रवार को भोपाल में डेरा डालना पड़ा। ओवरब्रिज के लिए पांच कंपनियों ने टेंडर डाले थे। इसमें से गुजरात की केतन कंस्ट्रक्शन कंपनी का टेंडर खुला है। विभाग ने 71.13 करोड़ का टेंडर लगाया था। कंपनी ने 58 करोड़ रुपए का टेंडर भरा है। यानी वह इतनी राशि (58 करोड़) में ही बना देगी। इससे सरकार को 13 करोड़ 13 लाख रुपए की बचत होगी। हालांकि अभी टेंडर मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। संभवत: सोमवार को मंजूरी मिल सकती है।

नया टेंडर लगाने से रुकी प्रक्रिया

ओवरब्रिज के लिए यह दूसरा नया टेंडर लगाया गया था। पहले 16 करोड़ 27 लाख रुपए का टेंडर खुला था, लेकिन उसे निरस्त करना पड़ा। फरवरी अंत में 71.13 करोड़ का नया टेंडर लगाया गया। मार्च में यह खुला और टेक्निकल बीड के अंतर्गत पांच टेंडर खुले थे। फाइनेंशियल बीड में गुजरात की केतन कंस्ट्रक्शन कंपनी का टेंडर खुला। इस प्रक्रिया में करीब एक माह गुजर गया। फ्रीगंज ओवरब्रिज सिंहस्थ 2028 के लिए उपयोगी है इसलिए इसे समय पर बनाने की बड़ी चुनौती भी विभाग के सामने है।

अब तक क्या-क्या हुआ

जुलाई 2023 में तत्कालीन शिवराज सरकार ने ओवरब्रिज निर्माण के लिए 91.76 करोड़ रुपए की मंजूरी दी थी।

12 दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ओवरब्रिज निर्माण का भूमिपूजन।

डॉ. मोहन यादव सरकार ने खर्च बचाने के लिए योजना की जगह बदली।

ओवरब्रिज को महापौर बंगले के सामने से इंदिरा गांधी प्रतिमा की ओर बनाने की जगह बंद बिनोद मिल की जगह बनाने का निर्णय।

टेंडर खुला है, स्वीकृति बाकी

यह सही है कि फ्रीगंज ओवरब्रिज के लिए गुजरात की केतन कंस्ट्रक्शन कंपनी का टेंडर खुला है। इसकी स्वीकृति की प्रक्रिया की जा रही।- पीएस पंत, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग सेतु, उज्जैन

Related Articles