एसआई से हाथापाई करने वाले आरोपियों को जेल भेजा

उज्जैन। ड्यूटी पर जा रहे कोतवाली थाने के एसआई के साथ शराब के नशे में हाथापाई करने वाले आरोपियों को माधवनगर पुलिस ने सोमवार दोपहर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।

पुलिस कॉलोनी फाजलपुर में रहने वाले फरियादी गोपाल सिंह राठौर पिता मांगीलाल राठौर (४९) कोतवाली थाने में उपनिरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात वह ड्यूटी पर जा रहे थे तभी फ्रीगंज स्थित इंदिरा गांधी प्रतिमा के समीप नशे में धुत रोशन पिता रवि निवासी संत बालीनाथ नगर, रितेश पिता दिनेश निवासी वल्लभ नगर और रवि पिता प्रभुलाल निवासी संत बालीनाथ नगर ने रास्ता रोककर चाकू दिखाते हुए हाथापाई की थी जिसमें एसआई राठौर को हाथ और पैर में चोट आई थी। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर सोमवार दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जिलाबदर का आरोपी घर से पकड़ाया
उज्जैन। जिलाबदर के आरोपी को खाराकुआं पुलिस ने सोमवार को उसी के घर से पकड़ा। आरोपी का नाम शाहनवाज उर्फ भय्यू है। वह अपने घर आया था जिसकी सूचना मुखबिर ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने टंकी चौक पर विद्युत मंडी के पीछे स्थित उसके घर से उसे धरदबोचा। आरोपी को ११ अप्रैल को कलेक्टर के आदेश पर एक साल के जिलाबदर किया था लेकिन वह आदेश का उल्लंघन कर घर में रह रहा था।









