गुर्जर बंधुओं का आतंक फिर शुरू, हत्या के गवाह को उठाया, धमकाया

लोकेश की हत्या में अभिषेक गवाह है

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पिछले साल चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र में रहने वाले 23 वर्षीय लोकेश तंबोलिया की रतलाम के ढोढर में हत्या कर दी गई थी। यह मामला न्यायालय में चल रहा है। इसके गवाह को ढांचा भवन के गुर्जर बंधुओं ने उठाया और गवाही पलटने के लिए धमकाया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया के अनुसार गत १ नवंबर २०२४ को लोकेश तंबोलिया, उसका मित्र अभिषेक उर्फ आनंद कुमार तथा अन्य साथी सांवरिया सेठ जा रहे थे। रास्ते में बांछड़ा डेरे के परवलिया ढाबे पर सभी रुके। सिगरेट लेने के लिए लोकेश एक दुकान पर चला गया।
वहां दुकानदार यश और उसके साथियों से विवाद हो गया। उन सभी ने मिलकर लोकेश की पिटाई की। इसके बाद लोकेश का कोई पता नहीं चला। बाद में उसकी लाश कुएं से मिली। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि अभिषेक इस प्रकरण में गवाह है।
वह राजीव नगर में कृष्णा टेंट हाउस के पास खड़ा था। इसी दौरान रौनक गुर्जर का भाई रोशन और चचेरा भाई अनमोल गुर्जर वहां कार से आए। दोनों ने उसको जबरन कार में बैठाया और हाटकेश्वर कॉलोनी की ओर ले गए। अभिषेक ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि उसे गवाही बदलने के लिए दबाव डाला गया। कहा गया कि यदि गवाही नहीं बदली तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। बाद में उसे वहीं छोडक़र फरार हो गए।
गौरतलब है कि तत्कालीन एसपी सचिन अतुलकर ने गुर्जर बंधुओं के आतंक को समाप्त किया था। उन्हें मुठभेड़ में पैर में गोली मारी गई थी।









