बकरा घूमाने गए बच्चे पर किया हमला, सिर में लगाने पड़े टांके

लोहे का पुल क्षेत्र में फिर वारदात

उज्जैन। लोहे का पुल क्षेत्र में वारदातों का ग्राफ बढऩे लगा है। शनिवार को युवक की हत्या के बाद सोमवार को बकरा घूमा रहे १४ वर्षीय बच्चे पर तीन युवकों ने लोहे के पाइप से हमला कर दिया जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और टांके लगाने पड़े। फिलहाल वह चरक अस्पताल में भर्ती है।
घायल का नाम फैजान पिता अनवर खान (14) निवासी अमरपुरा, तोपखाना है। वह सोमवार रात करीब १०.३० बजे बकरा घूमाने गया गया था तभी अजीज भाई घोड़ीवाले के घर के सामने जैद और उनके दो अन्य साथियों ने रंजिश के चलते उसे रोका और गाली-गलौच करने लगे। इसके बाद लोहे के पाइप से फैजान के सिर पर हमला कर दिया जिससे खून बहने लगा। सूचना मिलते ही परिजन तत्काल उसे लेकर चरक अस्पताल पहुंचे जहां सिर में करीब ७ टांके लगाने पड़े। फिलहाल फैजान का इलाज जारी है। मामले में परिजनों ने खाराकुआं थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
कुछ दिनों से दे रहा था धमकी
फैजान के परिजनों ने बताया कि आरोपी जैद और फैजान पहले एक ही दुकान पर काम करते थे। जहां इनके बीच किसी बात पर कहासुनी हुई थी। इसी को लेकर पिछले तीन-चार दिनों से जैद धमकी दे रहा था कि वह उसे मार देगा। सोमवार रात जब फैजान बकरा घूमा रहा था तो उसने हमला कर दिया।









