एअर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट रद्द, तकनीकी खराबी के कारण लिया गया फैसला

तकनीकी खराबी के कारण एअर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट रद्द कर दी गई है। यह वही रूट है, जिस पर AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान AI-159 दोपहर 1.10 बजे अहमदाबाद से रवाना होना था। इसका लंदन पहुंचने का समय शाम 6.25 बजे बताया गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इससे पहले सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट के एक इंजन में मंगलवार को तकनीकी खराबी आ गई थी। इस वजह से कोलकाता के हवाई अड्डे पर विमान के निर्धारित ठहराव के दौरान यात्रियों को नीचे उतारना पड़ा। फ्लाइट एआई180 समय पर (रात 12.45 बजे) हवाई अड्डे पर पहुंची, लेकिन बाएं इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान में देरी हुई। लगभग सुबह 5.20 बजे विमान से सभी यात्रियों को उतरने के लिए कहा गया। विमान के कैप्टन ने यात्रियों को बताया कि उड़ान सुरक्षा के लिहाज से यह निर्णय लिया गया।

विमान सेवा ऐसे वक्त रद्द करनी पड़ी है, जब पांच दिन पहले अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरने वाले एअर इंडिया का विमान एआई-171 उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास भवन से टकराकर क्रैश हो गया था। दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में 230 यात्री, 10 केबिन क्रू सदस्य और दो पायलट सहित 242 लोग सवार थे। ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश को छोड़कर सभी की मौत हो गई थी।

इससे पहले बीते दिन हांगकांग से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI315 को बीच उड़ान में ही तकनीकी समस्या का संदेह होने के बाद वापस अपने मूल स्थान पर लौटना पड़ा था। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की ओर से संचालित यह फ्लाइट AI315 हांगकांग से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का इस्तेमाल भारत में एअर इंडिया की तरफ से किया जा रहा है।

रविवार को भी लंदन के हीथ्रो हवाइ अड्डे से चेन्नई (भारत) के लिए रवाना हुई ब्रिटिश एयरवेज की उड़ान बीए35 ने उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद तकनीकी दिक्कत महसूस की थी।

बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर दोपहर 1:16 बजे (ब्रिटिश समयानुसार) पर 36 मिनट की देरी से उड़ा, लेकिन लगभग 15,000 फीट की ऊंचाई पर पायलटों ने फ्लैप सिस्टम में गड़बड़ी के संकेत पाए। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को डोवर की खाड़ी के ऊपर होल्डिंग पैटर्न में घुमते हुए कई चक्कर लगाए। इसी दौरान विमान लगभग 30 मिनट तक 12,000 फीट पर रहा और सुरक्षित लैंडिंग के लिए अतिरिक्त ईंधन हवा में ही गिराया गया, ताकि वजन कम हो सके। कुल लगभग एक घंटा 45 मिनट बाद विमान ने हीथ्रो के रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्रियों और क्रू को सकुशल उतार लिया गया।

Related Articles