खेल अधिकारी ने माना, टूर्नामेंट ऑफिशियल ही जिला बैडमिंटन एसोसिशन को किराया नहीं देना

58 वीं स्टेट जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप 29 जुलाई से 2 अगस्त तक खेल परिसर में
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। राज्यस्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट के रास्ते में आई बाधा अब हट गई है। दरअसल, २९ जुलाई से २ अगस्त ५८वीं स्टेट जूनियर (अंडर-१७ व अंडर-१९) बैडमिंटन चैंपियनशिप उज्जैन में होना है। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन को एक दशक बाद मेजबानी का मौका मिला है। एसोसिएशन के अध्यक्ष वैभव यादव हैं जिनके प्रयासों से प्रदेश के खिलाडिय़ों को यहां अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। खेल अधिकारी ने एसोसिएशन को खेल परिसर देने के लिए किराए के भुगतान का पत्र लिखा था। उन्होंने अब मान लिया है कि यह टूर्नामेंट खेल मंत्रालय के तहत ही है, निजी नहीं है। खेल अधिकारी की मानें तो जिला एसोसिएशन को अब एक लाख दो हजार रुपए का भुगतान नहीं करना है।
गौरतलब है कि जिला बैडमिंटन के अध्यक्ष बनने के बाद वैभव यादव द्वारा किए गए प्रयास से उज्जैन को नौ साल बाद स्टेट जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट आयोजित करने का मौका मिला। चूंकि उज्जैन में राजमाता विजयाराजे सिंधिया स्टेडियम में शानदार बैडमिंटन हाल है, इसलिए जिला खेल एवं युवक कल्याण अधिकारी ओपी हारोड़ को पत्र लिखा गया। इसमें बताया गया कि २९ जुलाई से २ अगस्त ५८वीं स्टेट जूनियर (अंडर-१७ व अंडर-१९) बैडमिंटन चैंपियनशिप होना है। चार दिन टूर्नामेंट चलेगा और दो दिन प्रैक्टिस के लिए रहेंगे। एसोसिएशन को भरोसा था कि उन्हें खेल परिसर उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
पत्र के जवाब से अचंभित थे पदाधिकारी
खेल अधिकारी ओपी हारोड़ ने टूर्नामेंट को लेकर पत्र को जो जवाब दिया उससे जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारी हतप्रभ रह गए।
इस बात से अचंभित थे कि खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट के लिए भी किराया देना पड़ेगा। दरअसर, हारोड़ ने पत्र में लिखा था कि खेल परिसर का प्रतिदिन का किराया १७ हजार रुपए है। इस मान से छह दिन के लिए अग्रिम एक लाख दो रुपए का भुगतान करना होगा। इस पत्र की खेल जगत में न सिर्फ भत्र्सना हुई बल्कि आश्चर्य भी जताया गया।
सनवर पटेल ने एसपी को की शिकायत
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सनवर पटेल ने बताया कि उनके साथ भी ऐसा ही हुआ है। एसोसिएशन टूर्नामेंट करवाना चाहता था, लेकिन उन्हें भी सहयोग नहीं मिला। इतना ही नहीं एसोसिएशन की ओर से खिलाडिय़ों को प्रैक्टिस करने के लिए भेजा गया तो कहा गया कि उन्हें हमारे कोच प्रशिक्षण देंगे। पटेल ने कहा कि उन्होंने एसपी प्रदीप शर्मा को इस मामले में शिकायत की है।
खेल परिसर नि:शुल्क देंगे: हारोड़
जिला खेल अधिकारी ओपी हारोड़ ने अक्षर विश्व से चर्चा करते हुए कहा कि जिला बैडमिंटन द्वारा आयोजित होने वाला टूर्नामेंट खेल मंत्रालय के तहत है। यह ऑफिशियल टूर्नामेंट है। इसमें जो खिलाड़ी सिलेक्ट होंगे उन्हें नेशनल टूर्नामेंट में हिस्सेदारी का अवसर मिलेगा। इसलिए आयोजकों से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा जो भी सुविधा होगी वह मुहैया कराई जाएगी। हमें खुशी है कि लंबे समय बाद उज्जैन को मेजबानी का मौका मिला है। एथलेटिक्स कोच के बारे में उन्होंने कहा कि उन्होंने जो कुछ कहा वह नियम के तहत ही कहा था।










