हेड कांस्टेबल के निधन के बाद 8 साल की बेटी बनी बाल आरक्षक

25 मिनट में एसपी ने जारी किया आदेश, नियुक्ति पत्र भी सौंपा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। हेड कांस्टेबल के निधन के बाद उनकी 8 साल की बेटी बाल आरक्षक बनी। मंगलवार को आवेदन करने के 25 मिनट के अंदर एसपी ने आदेश जारी करते हुए अपने कार्यालय में परिजनों के सामने बाल आरक्षक को नियुक्ति पत्र भी सौंप दिया। दरअसल, महाकाल थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक क्रमांक 988 देवेंद्र सिंह रघुवंशी का इसी साल 17 मई को हृदयगति रुकने से निधन हो गया था।
मंगलवार को मृतक प्रधान आरक्षक की पत्नी अपनी 8 साल की बेटी इच्छा के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं और बाल आरक्षक नियुक्ति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। एसपी प्रदीप शर्मा ने सिर्फ 25 मिनट में बाल आरक्षक की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए और उसे परिजन को सौंप दिया। इतनी जल्दी इस तरह की कार्यवाही संभवत: पहली बार हुई जो अनुकरणीय मिसाल है।









