कल से 5 जनवरी तक भस्मार्ती का ऑनलाइन रजिस्टे्रशन बंंद

तैयारी नववर्ष की…
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
31 दिसंबर को ऑफलाइन पंजीयन भी रहेगा बंद, चलित भस्मार्ती दर्शन होंगे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। साल के आखिरी दिनों श्री महाकालेश्वर मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावनाओं के चलते सुगम दर्शन व्यवस्था को लेकर मंदिर एवं जिला प्रशासन ने रणनीति बनाई है। इसके तहत भस्मार्ती दर्शन के लिए 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक ऑनलाइन और 31 दिसंबर को ऑफलाइन पंजीकरण बंद रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए भस्मार्ती के दौरान कार्तिकेय मंडपम् से चलित भस्मार्ती दर्शन की व्यवस्था सुबह 4.15 बजे से की जाएगी।
इसके अलावा सामान्य एवं सुगम दर्शन व्यवस्था के तहत श्रद्धालु चारधाम मंदिर पार्किंग से एंट्री करेंगे और शक्ति पथ, त्रिवेणी संग्रहालय, नंदी द्वार और श्री महाकाल महालोक होते हुए मानसरोवर भवन, फैसेलिटी सेंटर-1 और नवीन टनल-1 से होते हुए गणेश मंडपम् से भगवान महाकाल के दर्शन करेंगे। इसके बाद आपातकालीन निर्गम द्वार से बड़ा गणेश मंदिर, हरसिद्धि मंदिर तिराहा होकर पुन: चारधाम मंदिर पहुंचेंगे। अधिक भीड़ होने पर श्रद्धालुओं को फैसेलिटी सेंटर-1 से सीधे कार्तिकेय मंडपम् में एंट्री दी जाएगी और गेट नंबर 10 या निर्माल्य द्वार के रास्ते बाहर निकलेंगे।
दिशा-निर्देश के लिए होर्डिंग्स और फ्लैक्स
इसके अलावा पूरे दर्शन मार्ग, मंदिर परिसर में जूता स्टैंड, वाहन पार्किंग, लड्डू प्रसाद काउंटर, फस्र्ट एड, पीने के पानी के दिशा-निर्देशन के फ्लैक्स व होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। लड्डू प्रसाद आसानी से मिले इसलिए बड़ा गणेश मंदिर, विक्रमादित्य टीले के पास एवं जरूरत के मुताबिक अन्य विशेष काउंटर बनाए जाएंगे।
कैमरों से रखेंगे नजर
दर्शन मार्ग एवं मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे नजर रखी जाएगी। इसके अलावा भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा पूछताछ एवं सहायता केंद्र, खोया-पाया केंद्र के अस्थायी काउंटर संचालित किया जाएगा। कर्कराज, भील समाज धर्मशाला, कलोता समाज धर्मशाला, कार्तिक मेला ग्राउंड, मेघदूत पार्किंग और हरिफाटक ब्रिज के नीचे वाहन पार्क होंगे।
यहां तैनात रहेगा स्वास्थ्य अमला
मानसरोवर भवन, त्रिवेणी मंडपम्, श्री महाकाल लोक कंट्रोल रूम, मंदिर परिसर, निर्गम द्वार के समीप, फैसेलिटी सेंटर, हरसिद्धि चौराहा, चारधाम मंदिर पार्किंग स्थल पर २४ घंटे डॉक्ट्र्स, एम्बुलेंस और ऑक्सीजन की सुविधा के लिए सीएमएचओ द्वारा औषधि एवं स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी।









