अतीक की कब्र के पास दफन होगा बेटा अबान

प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद (21) को शुक्रवार को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अबान की कब्र अतीक अहमद की कब्र के बगल में तैयार की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर कब्रिस्तान और आसपास के इलाके में 70 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
झांसी से शव लेकर प्रयागराज पहुंचे बड़े भाई अहजम ने कहा, “अल्लाह की चीज थी, अल्लाह ने ले ली।” इससे पहले 2023 में असद अहमद के एनकाउंटर के बाद भी परिवार की ओर से यही प्रतिक्रिया सामने आई थी।
शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे अबान का शव प्रयागराज के हटवा गांव स्थित उसकी बुआ के घर पहुंचा, जहां परिजन और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जुमे की नमाज के बाद जनाजे की तैयारी की गई है। कसारी-मसारी कब्रिस्तान अतीक परिवार का खानदानी कब्रिस्तान है, जहां अतीक अहमद, उसके पिता फिरोज, भाई अशरफ और बेटे असद की कब्रें मौजूद हैं।
अबान के बड़े भाई उमर लखनऊ जेल और अली झांसी जेल में बंद हैं। दोनों भाइयों की ओर से जनाजे में शामिल होने के लिए हाईकोर्ट में पैरोल अर्जी दाखिल की गई है। वकील के अनुसार अर्जी पर सुनवाई होने की संभावना है। यदि अदालत अनुमति देती है तो दोनों को प्रयागराज लाया जा सकता है, जिसके बाद शाम तक दफन की प्रक्रिया पूरी हो सकती है।
वहीं, अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन 2023 से फरार है। वह पति अतीक और बेटे असद के जनाजे में भी शामिल नहीं हुई थी। ऐसे में अबान के अंतिम संस्कार में उसकी मौजूदगी को लेकर भी लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।









