गदापुलिया-मंछामन मार्ग का 60 प्रतिशत काम पूरा

मार्च तक तैयार होगी महाकाल मंदिर की नई लड्डू यूनिट
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सिंहस्थ निर्माण में लापरवाह प्रोजेक्ट्स की रेड कोडिंग के कलेक्टर ने दिए निर्देश
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। शनिवार सुबह कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सिंहस्थ मेला कार्यालय में नगर निगम और उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की प्रगति में किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पोर्टल पर होगी कलर कोडिंग
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ प्रोजेक्ट्स की मॉनिटरिंग के लिए पोर्टल पर विशेष कलर कोडिंग व्यवस्था लागू की जाए। जो कार्य समय सीमा में और लक्ष्य के अनुरूप चल रहे हैं, उन्हें ग्रीन कलर में दिखाया जाए। वहीं, जिन कार्यों की प्रगति धीमी है, उनकी कोडिंग अलग रखी जाए ताकि उन पर विशेष ध्यान दिया जा सके। उन्होंने क्रिटिकल यानी चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट्स की प्रगति पर निरंतर नजर रखने के निर्देश दिए।
अधिग्रहण में लाएं तेजी
कलेक्टर ने नगर निगम को निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव तत्काल बनाकर भेजें ताकि विकास कार्यों में कोई बाधा न आए। बैठक में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी गोपाल डाड, निगम प्रभारी आयुक्त संतोष टैगोर, यूडीए सीईओ संदीप सोनी, अपर आयुक्त पवनकुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के कार्यपालन यंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सिंहस्थ निर्माण कार्यों की स्थिति
नगर निगम- राजस्व कॉलोनी का वर्क ऑर्डर जारी हो गया है। गदा पुलिया से मंशामन रोड का कार्य 60 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। डी-मार्ट के सामने बाईं ओर की सड़क का काम पूर्ण है, जबकि दाईं ओर का कार्य प्रगति पर है।
यूडीए – महाकाल मंदिर की नई लड्डू निर्माण यूनिट का निर्माण मार्च तक पूर्ण हो जाएगा। यूनिटी मॉल का काम समय पर चल रहा है। गढ़कालिका से पीर मत्स्येंद्रनाथ मार्ग और जीवनखेड़ी ब्रिज का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है।
स्मार्ट सिटी- कलेक्टर ने वीर भारत न्यास की ड्राइंग-डिजाइन को शीघ्र भेजने के निर्देश दिए।









