साइंस कॉलेज की जमीन पर बन रहा एक हजार दर्शकों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम

करीब 19 करोड़ की लागत से बन रहे ऑडिटोरियम का 80 फीसदी से ज्यादा काम पूरा, इसी साल शुरू होने की संभावना
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। देवास रोड पर शासकीय माधव साइंस कॉलेज की जमीन पर शहर का सबसे बड़ा ऑडिटोरियम बनाया जा रहा है। माधव संगीत महाविद्यालय के समीप बनाए जा रहे इस ऑडिटोरियम में एक ही समय पर एक हजार से अधिक दर्शक बैठ सकेंगे। पीआईयू द्वारा इसे बनाने का काम किया जा रहा है। लगभग 19 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस ऑडिटोरियम का काम 80 प्रतिशत से ज्यादा पूरा हो चुका है। संभवत: इसी वर्ष इसे शुरू भी कर दिया जाएगा जिसमें बड़े स्तर की साइंस की कॉन्फ्रेंस, सेमिनार, संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और शो आयोजित किए जाएंगे।
15 हजार स्क्वेयर फीट का हॉल
ऑडिटोरियम में 15 हजार स्क्वेयर फीट का बड़ा हॉल बनाया जा रहा है। जी प्लस टू ऑडिटोरियम में कुल 30 हजार स्क्वेयर फीट क्षेत्र में काम चल रहा है। इस ऑडिटोरियम के हॉल की ऊंचाई 16.2 मीटर है। वहीं बिल्डिंग की ऊंचाई 21 मीटर है। देवास रोड से सीधे इस ऑडिटोरियम में प्रवेश के लिए सड़क भी बनाई गई है।
ऑडिटोरियम में क्या-क्या
ऑडिटोरियम में भूतल पर प्रशासनिक कक्ष, ऑफिस, स्टेज, बॉयज एंड गल्र्स ग्रीन रूम, मल्टीपर्पस हॉल, कॉमन सिटिंग एरिया, वीआईपी लाउंज, 2 लिफ्ट, 2 स्टेयर केस, प्रथम तल पर कॉन्फ्रेंस हॉल, ज्वाइंट डायरेक्टर ऑफिस, असिस्टेंट डायरेक्टर रूम, 4 रूम बालकनी और टेरेस फ्लोर होगी। ऑडिटोरियम का काम मार्च 2023 में शुरू हुआ था।
वातानुकूलित होगा नया ऑडिटोरियम
नया ऑडिटोरियम पूरी तरह से वातानुकूलित होगा। शहर में अभी ४५० दर्शकों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम कोठी रोड स्थित कालिदास संस्कृत अकादमी में पं. सूर्यनारायण व्यास संकुल के नाम से है। नया ऑडिटोरियम बनने से कलाकारों एवं साहित्यकारों को भी काफी सुविधा होगी।
View this post on Instagram










