गाड़ी अड्डा-मक्सी रोड मार्ग 80 फीट चौड़ा करने से 190 मकानों पर चलेगा बुलडोजर, रहवासियों का फूटा गुस्सा

दारू गोदाम पर धरने की चेतावनी, चौड़ीकरण को लेकर नाराजगी, जगह-जगह लगाए पोस्टर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच आगर रोड गाड़ी अड्डा से मक्सी रोड बायपास (रणकेश्वर महादेव) तक सड़क चौड़ीकरण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। नगर निगम द्वारा 20 फीट की मौजूदा सड़क को 80 फीट (24 मीटर) चौड़ा करने के लिए चिह्नांकन शुरू करते ही रहवासी सड़कों पर उतर आए हैं। क्षेत्र में विरोध के बैनर लग गए हैं। रहवासियों ने दारु गोदाम पर धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।
200 परिवारों से छिन जाएगी छत
क्षेत्र के व्यवसायी दिनेश कुशवाह ने बताया कि यहाँ 80 फीट चौड़ी सड़क की आवश्यकता ही नहीं है। निगम की इस कार्रवाई से करीब 200 से अधिक मकान टूट जाएंगे। कई मकान तो आधे भी नहीं बचेंगे। कुछ छोटे मकान पूरे ही खत्म हो जाएंगे।
मुआवजे और राहत का गणित
प्रशासन के नियम प्रभावितों की चिंता और बढ़ा रहे हैं। मुआवजा केवल उन्हीं मकान मालिकों को मिलेगा जिनका 75 प्रतिशत से अधिक हिस्सा सड़क में जा रहा है। शेष प्रभावितों को मुआवजे के बदले सिर्फ अतिरिक्त निर्माण (एमएआर या टीडीआर) की अनुमति दी जाएगी। मास्टर प्लान में यह सड़क 45 मीटर चौड़ी है, जबकि अभी सिर्फ 24 मीटर ही ली जा रही है। यानी भविष्य में बचे हुए मकानों पर भी खतरे की तलवार लटकी रहेगी।
खाली जमीन ली जाए तोबच सकते हैं कई मकान
जैसा कि आप देख सकते हैं इस मार्ग पर एक ओर जमीन खाली है और दूसरी ओर पक्के मकान हैं। ऐसी स्थिति मार्ग में कई जगह है। नगरनिगम ने यहां सड़क के बीच सेंटर से दोनों ओर 12-12 मीटर तक जगह खाली करने के निशान लगाए हैं। जबकि होना यह चाहिए कि जिस ओर जगह जमीन खाली है वहां से अधिक ली जाए। इससे तोडफ़ोड़ भी बचेगी और काम भी जल्दी होगा। हालांकि नगर निगम भवन अधिकारी एलपी साहू का कहना है कि नियम के मुताबिक ऐसा नहीं कर सकते।
क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांगें
सड़क की चौड़ाई को 24 मीटर (80 फीट) से घटाकर 15 मीटर किया जाए। रिहायशी इलाकों का ध्यान रखते हुए चिह्नांकन दोबारा हो और सभी प्रभावितों को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए।
कोर्ट में जाने की तैयारी
ननि की इस परियोजना के खिलाफ क्षेत्रवासियों ने कोर्ट में जाने की तैयारी भी शुरू कर दी है। रहवासी कोर्ट से स्टे लेने के प्रयासरत हैं।
अधिकारी का पक्ष
एमआर 4 रोड का प्रस्तावित रोड ४५ मीटर चौड़ा है, फिलहाल हम सिर्फ 24 ही ले रहे हैं। सेंटर से दोनों ओर 12-12 मीटर तक अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसमें करीब 190 मकान प्रभावित होंगे, जिन्हें नोटिस जारी कर दिए गए हैं।
एल.पी. साहू, भवन अधिकारी, नगर निगम









