उज्जैन में 24 घंटे में दो युवकों ने लगाया मौत को गले

उज्जैन। शहर में पिछले 24 घंटों के भीतर खुदकुशी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ मोहल्ला और शास्त्रीनगर में दो युवकों ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
केस 1 : लाइट फिटिंग का काम करता था भरत
नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ मोहल्ला में रहने वाले भरत उर्फ चिन्टू (22) पिता आत्माराम जूनवाल ने गुरुवार दोपहर अपने घर में फांसी लगा ली। परिजनों ने जब उसे फंदे पर लटका देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी बल्लू मंडलोई ने बताया कि भरत पेशे से लाइट फिटिंग का काम करता था। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है, ताकि कॉल डिटेल्स और मैसेज के जरिए आत्महत्या की वजह का पता लगाया जा सके।
केस 2 : प्राइवेट कंपनी में जॉब करता था राहुल
इससे पहले बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात शास्त्रीनगर इलाके में राहुल (43) पिता अरुण राव भास्कर ने फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही राहुल के भाई रोहित ने उसे फंदे से नीचे उतारा और तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नीलगंगा पुलिस ने बताया कि राहुल इंदौर की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।









