वाहन मालिक की प्रताडऩा से परेशान होकर ड्राइवर ने की थी आत्महत्या

उज्जैन। पिछले दिनों नदी में कूदे ड्राइवर को तलाशते वक्त 25 मार्च की शाम जीवाजीगंज पुलिस को मां आशु मेहतरानी मंदिर के नजदीक शिप्रा नदी से एक लाश मिली थी। जांच के दौरान उजागर हुआ कि लाश नीलेश पिता अर्जुन जोशी (30) निवासी उन्हेल हाल मुकाम पंवासा की है।

इस मामले में मंगलवार रात को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला जीवाजीगंज पुलिस ने दर्ज किया है।सीएसपी पुष्पा प्रजापति ने बताया कि मृतक नीलेश जीवाजीगंज क्षेत्र के अजय-विजय राठौर की गाड़ी चलाता था। ये लोग उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त करते थे और धमकाते थे। इसी से परेशान होकर उसने जान दे दी थी। इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और मृतक के मरने के पहले बनाए गए वीडियो के आधार पर आरोपीगण अजय राठौर, विजय राठौर, श्याम यादव और जीतू टेंशन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।









