सिंहस्थ-2028 : प्रशासन ने दिखाई अपनी तैयारी, शिप्रा से जुड़े प्रोजेक्ट्स का कराया मुआयना

घाटों के काम से खुश दिखें साधु-संत

कान्ह डक्ट प्रोजेक्ट भी देखा
उज्जैन। सिंहस्थ 2028 को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कामों को देख साधु-संत काफी खुश दिखाई दिए। घाटों की निर्माण गति से वह संतुष्ट दिखाई दिए, शिप्रा में कान्ह का प्रदूषित पानी मिलने से रोकने के कान्ह डक्ट प्रोजेक्ट का मुआयना भी किया। संतों के इस मुआयने में शैव अखाड़ों के संत नहीं दिखाई दिए।
साधु-संत गुरुवार को सिंहस्थ के काम देखने निकले थे। इसकी शुरुआत त्रिवेणी घाट से हुई। वैष्णव अखाड़ों का प्रतिनिधित्व करने वाले डॉ रामेश्वर दास्र, ऋणमुक्तेश्वर मंदिर के गादीपति महावीरनाथ, सत्यानंद महाराज सहित बड़ी संख्या में संत उपस्थित थे। संभागायुक्त आशीषसिंह, कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने साधु-संतों को बताया कि सिंहस्थ में ३० करोड़ लोगों के आने का अनुमान है। इतने श्रद्धालुओं को ठीक से स्नान कराने के लिए २९ किलोमीटर लंबे घाट बनाए जा रहे हैं।
जल संसाधन विभाग यह काम करवा रहा है। काम की गति इतनी तेज है कि अब तक ४२ फीसदी काम हो चुका है। श्रद्धालुओं के लिए घाट पर स्नान के लिए समुचित प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके लिए आरामदायक सीढिय़ा, रैंप तक बना रहे हैं। ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि दिव्यांग-बुजुर्ग भी आसानी से घाट तक आ-जा सकेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाट पर रैलिंग भी लगाई जा रही है। पहले रस्से बांधे जाते थे। साधु-संत घाट की व्यवस्था से प्रसन्न दिखाई दिए। यहां से उन्हें कान्ह डक्ट परियोजना पर ले जाया गया। इस प्रोजेक्ट के सहारे कान्ह का गंदा जल अंडरग्राउंड टनल के जरिये गंभीर की डाउन स्ट्रीम में डाला जाएगा।
उज्जैन नया इतिहास रचेगा, तैयारी बहुत अच्छी
घाट की व्यवस्था उत्तम है। ४२ फीसदी काम हो चुका है। पक्के घाट बनने से लोगों को बहुत सुविधा होगी। एक साल पहले ही काम पूरा हो जाएगा। ऐसा लगता है कि उज्जैन नया इतिहास रचेगा। सीएम और प्रशासन बेहतर काम कर रहे हैं।-महावीर नाथ, संभागीय अध्यक्ष सनातन परिषद
संत समाज ने आज सिंहस्थ के काम देखें हैं। काम बहुत बेहतर हो रहा है। घाटों का काम तेजी से चल रहा है। २०२७ के पहले काम पूरा हो जाएगा। प्रशासन सुझाव भी ले रहा है। यह अच्छी बात है। काम भी गुणवत्ता पूर्ण हो रहा है। ऐसा काम पहले कभी नहीं देखा।-डॉ. रामेश्वर दास, अध्यक्ष, रामा दल उज्जैन
घाटों को विश्वस्तरीय काम हो रहा है। घाटों पर दिव्यांग और बुजुर्ग़ों के लिए अच्छी व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन इसके लिए साधुवाद का पात्र है।-सत्यानंद जी महाराज, उदासीन अखाड़ा
मैं उज्जैन में नहीं हूं। हो सकता है हमारे पास दौरे की सूचना नहीं आई हो। दौरे में शामिल होना बड़ी बात नहीं है। आगे फिर कभी काम देख लेंगे।-रामेश्वर गिरी, अध्यक्ष, शंभू संन्यासी मंडल
सिंहस्थ के हमारे काम तेज गति से चल रहे हैं। महत्वपूर्ण कामों को साधु-संतों कों मुआयना करा रहे हैं। । चूंकि सिंहस्थ में साधु-संतों का अहम रोल रहता है, ऐसे में उनके सुझाव भी ले रहे हैं।-रौशनकुमार सिंह, कलेक्टर









