पंचक्रोशी यात्रा का विधिवत शुभारंभ

पंचक्रोशी यात्रा : शनि मंदिर पर शिप्रा में स्नान के बाद दूसरे पड़ाव करोहन के लिए निकले श्रद्धालु

उज्जैन। पंचक्रोशी यात्रा का विधिवत शुभारंभ रविवार सुबह भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन से हुआ है। हालांकि, दो दिन पहले से ही यात्रियों के जाने का क्रम चल रहा है। पहले जत्थे में निकले श्रद्धाल रविवार सुबह त्रिवेणी पर शिप्रा में स्नान के बाद दूसरे पड़ाव करोहन की ओर रवाना हो गए। शाम तक वे करोहन पहुंच जाएंगे।
रविवार सुबह करीब २५ हजार से अधिक यात्री त्रिवेणी घाट शनि मंदिर पहुंच गए थे। यहां स्नान और पूजन के बाद यात्री आगे की ओर रवाना हो गए। यात्रियों के आने का क्रम लगातार जारी था। शनिवार रात कलेक्टर रौशन कुमार सिंह यात्रा के पहले पड़ाव पिंगलेश्वर गए और वहां उन्होंने यात्रियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर ने बताया पड़ाव स्थल पर भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य आदि की सुविधाएं बेहतर हैं। इसी बीच रविवार सुबह संभाग आयुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने त्रिवेणी जाकर पंचक्रोशी यात्रियों और ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी ली। रविवार सुबह महापौर मुकेश टटवाल भी साथियों के साथ पंचक्रोशी यात्रा पर रवाना हुए। सुबह नागचंद्रेश्वर पर पूजन उपरांत उन्होंने यात्रा शुरू की। इसके पहले शनिवार शाम को उन्होंने महाकाल मंदिर के कोटितीर्थ कुंड से जल लिया जिससे वे सभी पड़ाव पर विराजित महादेव का अभिषेक करेंगे।
पंचक्रोशी यात्री सडक़ पर गिरकर घायल
शाजापुर जिले के ग्राम खमलाई से पंचक्रोशी यात्रा में आई ५२ वर्षीय गोकुलबाई पति गोपाल बागवान शनिवार को पिंगलेश्वर मार्ग पर पड़े पत्थर पैरों में चुभने के बाद गिरकर घायल हो गईं। उन्हेें तुरंत अस्पताल लाया गया, जहां उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। सुबह पटनी बाजार स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर से बल प्राप्त करने के गोकुल बाई अपनी चार महिला मित्रों के साथ यात्रा पर निकली थीं। शाम को पिंगलेश्वर पडाव पर पहुंचने से पहले रास्ते में पैर के नीचे पत्थर आने से गिर गईं। जिसके चलते हाथ की कलाई में फैक्वर हो गया। 108 एम्बुलेंस चालक गोपाल पटेल और ईएमटी राजेंद्रसिंह उन्हें अस्पताल लाए।









