गैंगवार की घटनाओं में एक और गोलीकांड

रात 11 बजे जीरो पाइंट ब्रिज के नीचे बुंदेला ग्रुप के युवक को गोली मारी, अनमोल गुर्जर पर आरोप

उज्जैन। पिछले चार दिनों से चिमनगंज थाना क्षेत्र के बदमाशों की दो गैंग के बीच हो रही आपराधिक घटनाओं की कड़ी मेें एक और गोलीकांड जुड़ गया है। जिसमेें एक बुंदेला ग्रुप का युवक जांघ पर गोली लगने से घायल हुआ है। उसने गोली मारने का आरोप गुर्जर गैंग के अनमोल गुर्जर पर लगाया है।
घटना सोमवार रात करीब ११ बजे की बताई गई। घायल का नाम लव पिता चंद्रकांत निर्मल (२४) निवासी विष्णुपुरा है। घायल लव का चरक अस्पताल मेें इलाज चल रहा है। उसने बताया कि वो सोमवार दोपहर अपने दोस्त धु्रव और देव के साथ एक अन्य दोस्त रोहित सिसौदिया की शादी मेें करोहन गया था।
जाते वक्त अपनी बाइक उसने हीरामिल चाल जीरो पाइंट ब्रिज के नीचे खड़ी कर दी थी। रात 11 बजे लव, ध्रुव और देव के साथ शादी से लौटा और बाइक लेने जीरो पाइंट ब्रिज के नीचे पहुंचा। तभी उस पर अनमोल गुर्जर निवासी ढांचा भवन और जया बच्चा निवासी मायापुरी ने दो अन्य साथियों के साथ उस पर हमला कर दिया। लव का कहना है कि अनमोल ने उसे गोली मारी जो उसकी जांघ को घायल करते हुए निकल गई।
दोनों साथी अस्पताल लेकर पहुंचे
घटना के बाद हमलावर भाग खड़े हुए। घायल लव को ध्रुव और देव चरक अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के बाद लव की हालत खतरे के बाहर बताई गई। देवासगेट पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। टीआई अनिला पाराशर ने बताया कि डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल गोली चलने की घटना की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। डॉक्टर की रिपोर्ट के बाद कहा जा सकेगा कि घायल को चोट गोली की है या नहीं।
संदिग्धों को पकड़ा पूछताछ जारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना में संदिग्ध आरोपी जया बच्चा को पुलिस ने हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है। वहीं मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी देव से भी पूछताछ कर पुलिस सच्चाई जानने का प्रयास कर रही है।
पुराना विवाद भी है दोनों पक्षों में
घायल लव ड्राइवरी करता है। उसकी खुद की गाड़ी भी है। लव का कहना है कि होली पर विशाल सांडिया नामक युवक से विवाद हुआ था जो अनमोल गुर्जर का साथी है। संभवत: इसी का बदला लेने के लिए उस पर हमला हुआ है।
फ्लैश बैक : शनिवार से चल रहा गैंगवार
चिमनगंज थाना क्षेत्र के मोहन नगर क्षेत्र के जीतू बुंदेला और ढांचा भवन के रौनक गुर्जर के बदमाशों में शनिवार रात से एक-दूसरों पर हमलों का दौर चल रहा है। हालांकि पुलिस इसमें से कई हमले झूठे और साजिश मान रही है।









