ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री को आया साइलेंट अटैक, मौत

उज्जैन। साइलेंट अटैक के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सोमवार को प्लेटफॉर्म नंबर ८ पर हुआ। जहां इंदौर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे बुजुर्ग यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ी और वह प्लेटफॉर्म पर ही गिर गए। उन्हें तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

जीआरपी थाने के जांच अधिकारी दयाशंकर ने बताया कि ६६ वर्षीय मृतक का नाम मोतीलाल खत्री निवासी लालपुरा, राजबाड़ा (इंदौर) है। वह उज्जैन में रहने वाले रिश्तेदार के यहां आए थे और सोमवार शाम ५ से ५.३० बजे के बीच प्लेटफॉर्म नंबर ८ पर वापस इंदौर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। यहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह गिर गए।
इसके बाद अन्य यात्रियों ने जीआरपी को सूचना दी। तत्काल उन्हें रेलवे अस्पताल ले जाया गया जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसी बीच मृतक के कीपेड मोबाइल पर उनके बेटे का फोन आया जिन्हें पुलिस ने घटना की जानकारी दी, इसके बाद परिजन रात को ही उज्जैन पहुंच गए। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। डॉक्टरों का कहना है कि मौत का कारण साइलेंट अटैक है। मृतक मोतीलाल बिजली विभाग से रिटायर्ड थे।









