हिस्ट्रीशीटर नवीन की इंदौर में हत्या, पुलिस को उज्जैन के राहुल मराठा पर शंका

सडक़ किनारे मिली थी लाश, पोस्टमार्टम में गले में गोली मिली

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। इंदौर के राऊ इलाके में उज्जैन के कुख्यात बदमाश नवीन पाटीदार की चालाकी से की गई हत्या के मामले में इंदौर पुलिस उज्जैन के राहुल मराठा को तलाश कर रही है। माधवनगर थाने के हिस्ट्रीशीटर नवीन पिता गोपाल पाटीदार ने ९ साल पहले मटन शॉप संचालक मुकेश खटीक की हत्या की थी। इसके पहले उसने दो अन्य साथियों के साथ छात्र भरत मंडलोई को भी मार डाला था। इस मामले में उसे एक साल की सजा हुई थी। कई आपराधिक घटनाओं में लिप्त नवीन को उज्जैन पुलिस ने मार्च में ६ माह के लिए जिलाबदर किया था। हालांकि बदमाश राहुल मराठा से दुश्मनी के बाद नवीन ने इंदौर में राऊ के नजदीक रंगवासा में अपना ठिकाना बना लिया था।
एक्सीडेंट के ड्रामे के पीछे निकली हत्या
रंगवासा रोड पर मिली नवीन की लाश के मामले की शुरुआती जांच में पुलिस पहले इसे एक्सीडेंट मान रही थी लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान शव के गले में एक गोली फंसी मिलने के बाद मामला हत्या का निकला। जांच में अब तक सुपारी किलिंग का मसला सामने आया है। बदमाशों ने हत्याकांड को अंजाम देने के लिए शातिराना तरीका अपनाया था और गोली सीधे गले में मारी थी, शरीर पर घाव नहीं मिलने से पुलिस भी उलझ गई थी। नवीन पाटीदार के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए तब जांच की गई तो कुछ चौंकाने वाली जानकारी सामने आई।
सुपारी किलिंग का शक
इंदौर पुलिस की जांच उज्जैन के ही एक और कुख्यात बदमाश राहुल मराठा पर अटक गई है। नवीन के परिजनों ने राहुल के साथ उसकी रंजिश की बात कबूल की है। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के समय राहुल की मोबाइल लोकेशन गोवा थी। आशंका है कि राहुल ने खुद को बचाने के लिए गोवा का टूर प्लान किया और सुपारी देकर नवीन को रास्ते से हटवा दिया। इस मर्डर मिस्ट्री में एक संदिग्ध महिला का नाम भी सामने आ रहा है जो फिलहाल पुलिस के बुलावे पर पेश नहीं हुई है। इंदौर के डीसीपी कृष्ण लालचंदानी के नेतृत्व में पुलिस की टीमें राहुल की तलाश में उज्जैन से लेकर गोवा तक छापेमारी की तैयारी कर रही हैं।








