पान मसाले के बैग और आलू-प्याज की बोरी में ले जा रहा था शराब, तस्कर गिरफ्त में आया

देशी शराब के 295 क्वार्टर जब्त, आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। कोतवाली पुलिस ने कोयला फाटक रोड स्थिम मनकामनेश्वर मंदिर के पास से पान मसाले के बैग और आलू-प्याज की बोरी में अवैध रूप से शराब लेकर जा रहे तस्कर को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से देशी शराब के २९५ क्वार्टर जब्त किए गए। मामले में पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोयला फाटक पर मनकामनेश्वर मंदिर के पास नगर निगम रोड से एक शख्स बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया और उक्त स्थान पर पहुंचकर शराब तस्कर को धरदबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम उमेश पिता भोलाराम बाथरी (४८) निवासी निजातपुरा बताया।
उसके पास पान मसाले के बैग में देशी शराब के १७० और आलू-प्याज की बोरी से देशी शराब के १२५ क्वार्टर मिले जिन्हें जब्त किया गया। जब्त की गई शराब की कीमत करीब २६,५०० रुपए बताई गई है। पुलिस ने बताया कि तस्कर का कोई पुराना रिकॉर्ड तो नहीं, इसकी जांच की जा रही है। यह शराब कहां से लेकर आया था, इस संबंध में जांच की जा रही है।









