अगरबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग, ढाई घंटे बाद काबू

इंदौर:शहर के हम्माल कॉलोनी इलाके में सोमवार सुबह एक अगरबत्ती कारखाने और गोदाम में भीषण आग लग गई। सुबह करीब 5 बजे लगी आग तेजी से फैलते हुए पूरे टीन शेड को अपनी चपेट में ले लिया।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और ऊंची लपटों के साथ घना धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घने धुएं के कारण आसपास के रहवासी क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। आग बुझाने के लिए करीब 75 हजार लीटर पानी का उपयोग किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में रखा कच्चा माल, तैयार अगरबत्ती, मशीनें, केमिकल और फ्यूम पूरी तरह जल गए। टीन शेड में रखा पूरा स्टॉक भी नष्ट हो गया।कारखाने का संचालन मेहुल जैन द्वारा किया जा रहा था, जबकि भवन के मालिक आकाश गुर्जर बताए गए हैं।फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।









