Advertisement

इंजीनियर के सूने मकान में चोरों ने लगाई सेंध 20 तोला जेवर और 2 लाख रुपए नकद ले गए

तिरुपति डायमंड कॉलोनी में वारदात, सीसीटीवी में पीठ पर पीठ पर बैग टांगे दिखे दो संदिग्ध

 

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इंदौर-नागदा बायपास मार्ग स्थित तिरुपति डायमंड कॉलोनी में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने एक इंजीनियर के सूने मकान को निशाना बनाया। बदमाश घर से करीब 20 तोला सोने-चांदी के जेवरात और 2 लाख रुपए नकद समेट ले गए। वारदात के समय परिवार इंदौर गया हुआ था।

नीलगंगा पुलिस के अनुसार, तिरुपति डायमंड कॉलोनी निवासी विनय तंवर इंदौर में इंजीनियर हैं और उनकी पत्नी उज्जैन के शासकीय स्कूल में शिक्षिका हैं। शनिवार को दोनों इंदौर एक शादी समारोह में गए थे। रविवार सुबह जब पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा देखा, तो तत्काल विनय को सूचना दी। दोपहर में जब दंपत्ति उज्जैन पहुंचे, तो घर का नजारा देख दंग रह गए। अलमारियों के लॉक टूटे थे और सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था।

Advertisement

20 तोला सोना और नकदी ले उड़े बदमाश
फरियादी विनय तंवर ने पुलिस को बताया कि अलमारी में रखे 2 लाख रुपए नकद और लगभग 20 तोला सोने-चांदी के आभूषण गायब हैं। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है।

सीसीटीवी में कैद हुई बदमाशों की करतूत
सूचना मिलते ही नीलगंगा पुलिस फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो रात करीब 1.30 बजे एक स्कूटी पर दो संदिग्ध युवक नजर आए। फुटेज में एक बदमाश की पीठ पर बैग लटका दिखाई दे रहा है। आशंका है कि बदमाशों ने काफी देर तक क्षेत्र की रेकी की और सूना मकान देखते ही वारदात को अंजाम दिया। रात का अंधेरा होने के कारण स्कूटी का नंबर स्पष्ट नहीं हो सका है।

Advertisement

जल्दी पकड़ें जाएंगे चोर
बदमाशों का सुराग लगाने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी में संदिग्धों के आने-जाने वाले रूट को ट्रैक किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-तरुण कुरील, थाना प्रभारी, नीलगंगा

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें