12 घंटे में सवा लाख से ज्यादा लोगों ने लगाई डुबकी

शनि जयंती और शनिश्चरी अमावस्या के शुभ संयोग में त्रिवेणी पर उमड़ा आस्था का सैलाब
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शनि जयंती के शुभ संयोग में आई शनिश्चरी अमावस्या पर इंदौर रोड स्थित त्रिवेणी घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रात 12 बजे से शुरू हुआ स्नान-दर्शन का सिलसिला दोपहर तक चलता रहा। सूर्य पुत्र शनिदेव के तेलाभिषेक बाद लोगों ने पनौती (पुराने वस्त्र, जूते, चप्पल) छोड़े, इनका अंबार मंदिर परिसर में लग गया। 12 घंटे में सवा लाख लोगों ने स्नान किया। शहर के अन्य शनि मंदिरों में भी सुबह से ही अभिषेक, शृंगार और दर्शन का सिलसिला जारी है।
शाम के समय भंडारे-नगरभोज के आयोजन होंगे। शनिश्चरी अमावस्या स्नान के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु रात से ही आना शुरू हो गए थे। इनके स्नान के लिए घाटों पर फव्वारे लगाए थे। पुल के नीचे से स्टापडेम के करीब तक लगे फव्वारें में श्रद्धालु स्नान करते रहे। महिला एवं पुरुषों ेक स्नान की पृथक-पृथक व्यवस्था थी। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने शनिदेव के दर्शन किए। इस बार तेल चढ़ाने के लिए पात्र की व्यवस्था की थी। इसमें ही वह तेज डाल रहे थे, जो पाइप से होता हुआ प्रतिमा तक जा रहा था।
स्नान के बाद दान का सिलसिला तेलाभिषेक के बाद छोड़ी पनौती
शनि मंदिरों में उत्सव का दौर
शनि जंयती पर शहर में स्थित शनि मंदिरों में उत्सव का दौर रहा। सुबह मंदिरों में अभिषेक और शृंगार किया गया। तेलाभिषेक भी किया गया। लक्ष्मीनगर स्थित परम न्यायाधीश मंदिर में बीती रात भजन संध्या आयोजित की गई। इसमें एक से बढ़कर भजन पेश किए गए। आज शाम मंदिर प्रबंधन की तरफ से नगर भोज का आयोजन किया जाएगा।
शनि जयंती पर श्रमिकों को बांटे औजार
शनि जयंती पर कृष्णा गुरुजी व टीम ने घास मंडी चौराहा स्थित श्रमिक ठिकाने पर 150 से अधिक दिहाड़ी मजदूरों का सम्मान किया और स्वल्पाहार कराकर उन्हें गैती, फावड़ा, तगारी, करनी एवं अन्य आवश्यक लोहे के औजार भेंट किए। विशेष अतिथि भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा, यूडीए अध्यक्ष रवि सोलंकी, योगेश बजाज, मनीष बजाज, राजेश अग्रवाल आदि थे।
स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं ने अक्षर विश्व रिपोर्टर से कहा व्यवस्था उत्तम
दर्शन सुगमता से हुए: स्नान और दर्शन की व्यवस्था उत्तम थी। ना तो स्नान करने में दिक्कत आई ना ही दर्शन में।
रामनारायण माहेश्वरी, पचोर
शॉवर में स्नान कर अच्छा लगा: फव्वारों का प्रयोग अच्छा था। नदी में उतरने के बजाय शॉवर में स्नान कर अच्छा लगा।
माधव मीणा, गुना
कहीं कोई दिक्कत नहीं आई: कहीं पर भी कोई दिक्कत नहीं आई। घाटों तक पहुंचने की व्यवस्था अच्छी थी।
विनोद कुमार, बीनागंज
शुभ संयोग का फायदा मिला: शनि जयंती और शनिश्चरी अमावस्या के शुभ संयोग में स्नान कर पुण्य कमा लिया। उम्मीद है कि सारे कष्ट दूर हो जाएंगे।
देवचंद, पचोर
हमेशा ही दर्शन के लिए आता हूं: शनिश्चरी अमावस्या पर हमेशा ही दर्शन करने आता हूं। आज भी आया हूं। अच्छा लगा। व्यवस्था उत्तम थी।
अमित पटेल, इंदौर
सब मंगल होगा, बस यही कामना: शनिश्चरी अमावस्या पर स्नान कर लिया। शनि देव के दर्शन कर लिए। उम्मीद है सब मंगल होगा।
गोपाल मीणा, गुना
View this post on Instagram









