सास ने डंडे से पीटा तो बहू ने खा ली कीटनाशक दवा

उज्जैन। बडऩगर के ग्राम पडूनिया में सास ने बहू को डंडे से जमकर पीटा। इससे क्षुब्ध होकर बहू ने गेहूं में रखी कीटनाशक दवा खा ली। ससुर ने उसे बेहोश देखा तो तत्काल बडऩगर अस्पताल ले गए जहां से उसे उज्जैन रैफर किया गया है। बडऩगर के ग्राम पडूनिया की रहने वाली २५ वर्षीय सपना पति गोकुल परमार की शादी को ७-८ साल हो गए है।
उसका पति गोकुल मजदूरी करता है। बुधवार को पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। आवाज सुनकर पास में ही रहने वाली सास सागरबाई वहां पहुंची और डंडे से सपना को जमकर पीटा। कुछ देर बाद सास और पति वहां से चले गए जिसके बाद सपना ने गेहूं में रखी कीटनाशक दवाई खा ली। वह घर में बेहोश पड़ी थी तभी ससुर राधेश्याम ने देखा और ११२ को सूचना दी जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने पर उज्जैन रैफर किया गया। फिलहाल उसका चरक अस्पताल में इलाज जारी है।
बेकरी से केक खाया, किराना दुकान से केसर चुरा ले गए
उज्जैन। संतराम सिंधी कॉलोनी में बीती रात बदमाशों ने दो दुकानों में पीछे के रास्ते घुसकर चोरी की। बदमाशों ने चोरी करने से पहले बेकरी दुकान के भीतर आराम से बैठकर केक काटा। खाकर पानी पिया और चोरी कर फरार हो गए।
बदमाश सबसे पहले नारायणदास मोटूमल किराना एंड जनरल स्टोर में पीछे के रास्ते से दाखिल हुए। यहां से गल्ले में रखे करीब 10 से 11 हजार रुपए नकद, 25 ग्राम केसर, ड्राई फ्रूट्स और अन्य कीमती सामान बटोर ले गए। इसके बाद बदमाशों ने दिमाग लगाया और किराना दुकान में रखी 30 किलो नमक की बोरी को छत पर ले गए।
उसका सहारा बनाकर बदमाश ठीक बगल में स्थित झूलेलाल बेकरी में कूद गए। यहां पर बदमाशों ने दुकान के काउंटर से केक निकाला, उसे काटा और आराम से बैठकर खाया। पीने के लिए पानी वे पहले ही किराना दुकान से चोरी कर अपने साथ लाए थे। पेट पूजा करने के बाद बदमाशों ने बेकरी के गल्ले से हजारों रुपए की नकदी, चॉकलेट और अन्य सामान समेटा और रफूचक्कर हो गए।









