अंतत: पकड़ा गया रौनक गुर्जर क्राइम ब्रांच में इंदौर से दबोचा

उज्जैन। लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर बदमाश रौनक गुर्जर को क्राइम ब्रांच ने इंदौर के एक डॉक्टर के क्लीनिक से फिल्मी अंदाज में हिरासत में ले लिया है। रौनक वहां अपने परिवार के सदस्यों और साथियों के साथ इलाज कराने पहुंचा था। एसपी ने रौनक की गिरफ्तारी पर १० हजार का इनाम घोषित किया था।
गुरुवार देर रात क्राइम ब्रांच की टीम रौनक और उसके करीबियों को लेकर उज्जैन पहुंची। गुप्त स्थान पर उससे पूछताछ की रहे हैं। चिमनगंज थाना क्षेत्र के ढांचा भवन निवासी रौनक गुर्जर का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ गंभीर मामलों में 30 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
गैंगवार के बाद से चल रहा था फरार
पिछले दिनों ढांचा भवन स्थित रौनक के मकान पर कुछ नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल छिडक़ कर आग लगा दी थी। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि यह हमला जीतू बुंदेला गैंग और गुर्जर गैंग के बीच चल रही वर्चस्व की लड़ाई का हिस्सा था।
इसके बाद पुलिस ने दोनों गुटों के कई बदमाशों को सलाखों के पीछे भेज दिया था, लेकिन रौनक पुलिस की गिरफ्त से लगातार बच रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रौनक से उसके अन्य साथियों और गैंगवार से जुड़े हथियारों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।









