सांवरिया सेठ के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो पलटी, एक युवक की मौत, सात घायल

सडक़ पर पड़ी मृत गाय से बचने के प्रयास में इंदौर रोड पर हादसा, ७ घायल
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। इंदौर के 12वीं पास 8 स्टूडेंट्स सांवलिया सेठ दर्शन के लिए स्कार्पियों से राजस्थान जा रहे थे। इंदौर रोड पर राघौपिपलिया के पास शनिवार देर रात गाड़ी पलट गई जिसमें एक की मौत हो गई और सात घायल हो गए। गंभीर दो युवकों को इंदौर भेजा गया है।
सभी युवक इंदौर के लसूडिय़ा थाना क्षेत्र इलाके के निवासी हैं। रात करीब 12 बजे के बाद ये लोग स्कॉर्पियों गाड़ी से सांवलिया सेठ दर्शन के लिए रवाना हुए। उज्जैन पहुंचने के पहले निनौरा के पास राघौपिपलिया के नजदीक सडक़ पर पड़ी मृत गाय से बचने के प्रयास में स्कार्पियों अनियंत्रित होकर पलटी खा गई। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबूलेंस को बुलाया और सभी को चरक अस्पताल लाया गया।
जहां पर डॉक्टरों ने विशाल पिता दिनेश परिहार (१८) को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर घायल नीलेश पिता रामसिंह और पीयूष को इंदौर रैफर किया गया है। चंदन पिता सतीश, आयुष पिता दिलीप, लॅकी, मिलन का उज्जैन में इलाज चला रहा है। जबकि एक अन्य साथी ओम को मामूली चोंट आई है, और वो अपने गंभीर घायल दोस्त नीलेश और पीयूष को लेकर इंदौर रवाना हो गया।
इसी साल सभी ने 12वीं पास की थी
चरक अस्पताल में इलाज करा रहे चंदन और आयुष ने बताया कि सभी एक ही क्षेत्र में रहते हैं और दोस्त हैं। इसी साल सभी ने कक्षा 12वीं पास की है और दर्शन के लिए सांवलिया सेठ जा रहे थे। मृतक विशाल के परिजन भी सुबह 1० बजे बाद उज्जैन आ गए थे। पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। नानाखेड़ा पुलिस द्वारा मर्ग कायम किया गया है।









